बसपाइयों ने खेली नीले रंग की होली
मेरठ। मतगणना शुरू होने से पहले ही बसपा समर्थकों की गगोल रोड कताई मिल पर भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। बसपा प्रत्याशी सुनीता वर्मा को बढ़त मिलनी शुरू हुई तो बसपाइयों का जोश बढ़ता चला गया। नारेबाजी, हूटिंग और ढोल नगाड़ों के साथ समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की।
शुक्रवार को मतगणना स्थल के बाहर हजारों समर्थकों की भारी भीड़ जुटी थी। वार्ड दर वार्ड मिली जीत के बाद बसपाइयों में धीरे-धीरे जोश बढ़ा रहा था। वहीं जीत से आश्वस्त पूर्व विधायक योगेश वर्मा लगातार कार्यकर्ताओं में जोश बढ़ा रहे थे। पूरी मतगणना के दौरान योगेश वर्मा का आत्मविश्वास चरम पर दिखा। वो लगातार मतगणना स्थल पर सभी बूथों पर चक्कर लगा रहे थे। जीत के करीब आते ही सुनीता वर्मा कताई मिल पहुंचीं तो बसपाइयों में जोश भर गया। जैसे ही जीत की औपचारिक घोषणा हुई तो समर्थकों ने ढोल नगाड़ों के साथ डांस कर नीले रंग से होली खेलनी शुरू कर दी।