मेयर के लिए बाहरी पर दांव लगा सकता है रालोद
मेेरठ। स्थानीय निकाय चुनाव में पहली बार सिंबल पर लड़ रहा रालोद मेयर पद पर अपनों की बजाय बाहरी पर दांव लगाने की तैयारी में हैं। ऐसे में टिकट की लाइन में लगे पार्टी नेताओं के चेहरे उतरे हुए हैं। पार्टी हाईकमान की हरी झंडी के बाद रविवार शाम तक प्रत्याशी की घोषणा की जानी है। यही हाल पार्षद प्रत्याशियों को भी लेकर है। यहां भी पार्टी की नजर दूसरी पार्टियों के बागियों पर टिकी है।
रालोद ने मेयर और पार्षद प्रत्याशियों से आवेदन मांगे थे। मेयर पद के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र खजूरी, डॉ. राज, संगीता सिंह एडवोकेट समेत आधा दर्जन नेताओं ने आवेदन किया था। शनिवार को डॉ. सुशील कुमार ने बसपा छोड़कर दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी ज्वाइन कर अपनी पत्नी की दावेदारी पेश कर दी है। पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पार्टी का रुख अपनों की बजाय बाहरी नेता पर दांव लगाने का है। दिनभर हुई ऐसी चर्चाओं से टिकट की दौड़ में शामिल पार्टी नेताओं के चेहरे मुरझाए हुए हैं। रविवार शाम तक मेयर और पार्षद प्रत्याशियों की सूची जारी की जानी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक पार्षद प्रत्याशी चयन में भी यही फार्मूला अपनाया जाना है। पार्टी की नजर दूसरी पार्टियों के बागी नेताओं पर है, जो टिकट नहीं मिलने पर मूल पार्टी छोड़कर चुनाव लड़ने के लिए रालोद ज्वाइन करेंगे।
डॉ. सुशील कुमार ने बसपा छोड़ रालोद ज्वाइन की
बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. सुशील कुमार ने शनिवार को बसपा छोड़ रालोद की सदस्यता ग्रहण कर ली। जिलाध्यक्ष राहुल देव के बाउंड्री रोड स्थित कैंप कार्यालय पर हुए कार्यक्रम में डॉ. सुशील कुमार के साथ दर्जनों समर्थकों ने भी रालोद का दामन थामा। डॉ. सुशील कुमार के पार्टी ज्वाइन करने के पीछे उनकी पत्नी को मेयर प्रत्याशी बनाए जाने की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि पहले से टिकट की लाइन में लगे नेता अपना टिकट बता रहे हैं। डॉ. सुशील कुमार एनएएस डिग्री कॉलेज में तैनात है और मीडिया प्रभारी का काम भी देखते हैं। वे लंबे समय से बामसेफ से भी जुड़े हुए हैं। पार्टी के पूर्व प्रदेश संगठन प्रभारी डॉ. राजकुमार सांगवान और जिलाध्यक्ष राहुल देव ने बताया कि डॉ. सुशील कुमार के आने से पार्टी मजबूत हुई है। इस मौके पर राष्ट्रीय सचिव मुकेश जैन, राजेंद्र चिकारा, एनुद्दीन शाह, नरेंद्र खजूरी, सुनील रोहटा, डॉ. अजेंद्र शर्मा, इंद्रपाल सिंह, योगेश फौजी, विनय मल्लापुर, जयराज सिंह एडवोकेट आदि मौजूद रहे।
खास बात
बसपा छोड़ पार्टी में आने वाले डॉ. सुशील कुमार की पत्नी को टिकट मिलने की अटकलें तेज