किसानों ने जलाई गन्ने की होली
मेरठ। गन्ने के रेट में मात्र 10 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी से किसान नाखुश हैं। शनिवार को भारतीय किसान यूनियन ने गन्ना भवन पहुंचकर गन्ने की होली जलाई। साथ ही उप गन्ना आयुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। इसके अलावा गन्ने का सही मूल्य न दिए जाने की दशा में चक्का जाम करने की चेतावनी दी।
जिलाध्यक्ष गजेंद्र सिंह ने कहा कि जिस प्रकार से महंगाई और फसलों पर लागत बढ़ रही है। उसके आधार पर किसान को गन्ने का भाव 450 रुपये प्रति क्विंटल दिया जाना चाहिए। भाजपाइयों ने किसानों से जो वादे किए थे उनको भूल गए हैं। इस दौरान रविंद्र दौरालिया, सत्यवीर जंगेठी, धीर सिंह, प्रमोद कुमार, जवाहर सिंह, हरवीर सिंह, कुलदीप कुमार, सतीश रावत, गिरीश ठाकुर, अरशी, शाजिद चौहान, विपिन गुर्जर, ब्रिजेश चौहान, मोहन सिंह, रविंद्र चौहान आदि मुख्य रहे।
सपाइयों ने भी जताया विरोध
मेरठ। सपा के जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह और अतुल प्रधान के नेतृत्व में सपाइयों ने कमिश्नरी चौराहे पर गन्ने होली जलाई। अतुल प्रधान ने कहा कि भाजपा चुनाव के दौरान जनता से किए वादों को पूरी तरह भूल चुकी है। जिलाध्यक्ष राजपाल चौधरी ने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार चीनी मिल मालिकों के हाथों में खेल रही है। इस अवसर पर शहनशाह जफर, गौरव धामा, अमित सिवाच, मेहकार पहलवान, अनुज जावला, सोनू आदि मौजूद रहे।