चार अक्तूबर को जुटेंगे कांग्रेस के दिग्गज
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर 4 अक्तूबर को चौ. चरण सिंह विवि के नेता जी सुभाष चंद्र बोस सभागार में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें मेरठ, सहारनपुर मंडल, अमरोहा, बिजनौर जिलों के पार्टी कार्यकर्ता भाग लेंगे। इस कार्यक्रम में विपक्ष पर निशाना साधते हुए आगामी निकाय चुनाव और लोकसभा चुनावों के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने की तैयारी है।
कार्यक्रम संयोजक सौमान्स प्रकाश ने बुढ़ाना गेट स्थित पार्टी कार्यालय पर जिला और महानगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी द्वारा किए गए कार्यों को भुलाया नहीं जा सकता है। उन्होंने कहा कि कुछ ऐसे राजनीतिक दल जिनका देश की आजादी में कोई योगदान नही है। वह दल देश का इतिहास बदलने का प्रयास कर रहे हैं। उनके इरादों को कांग्रेस कार्यकर्ता और जनता कभी कामयाब नहीं होने देगी। कार्यक्रम में जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद, प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर, पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई, सांसद पीएल पुनिया, सांसद प्रमोद तिवारी, सांसद संजय सिंह आदि बड़े नेता और अनेक शिक्षाविद् विचार रखेंगे। अध्यक्षता कार्यवाहक जिला अध्यक्ष विनोद मोघा ने की और संचालन महानगर अध्यक्ष कृष्ण कुमार शर्मा किशनी ने किया। पूर्व विधायक पं. जयनारायण शर्मा, डॉ. यूसुफ कुरैशी, मतन सिंह, प्रवक्ता हरि किशन वर्मा, सुरेंद्र पंजाबी, डॉ. प्रदीप अरोड़ा, अखिल कौशिक, श्याम सुंदर गुप्ता, सलीम खान, मुगीश जिलानी, डॉ. दिनेश मोहन शर्मा, अमित शर्मा, रमाकान्त शर्मा, नौशाद अली, नवीन बदली, अनस खान, नईम राणा, चौधरी इस्तकबाल, नसीम अहमद, केडी शर्मा आदि मौजूद रहे।
खास बात
इंदिरा गांधी की जयंती पर कई जिलाें से कार्यकर्ता जुटेंगे