सीसीएसयू में ऑनलाइन होगा छात्रों की समस्या का समाधान
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
सीसीएसयू जल्द ही मेरठ और सहारनपुर मंडल के छात्रों की समस्या का ऑनलाइन समाधान करेगी। वेबसाइट पर दिए गए लिंक पर छात्र अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। उसका समाधान होकर ऑनलाइन ही जवाब मिलेगा। आरटीआई दायर करने के लिए विवि नहीं आना पड़ेगा।
मार्कशीट, डिग्री, माइग्रेशन, प्रोविजन डिग्री, डुप्लीकेट मार्कशीट और रिजल्ट रुक जाने आदि समस्या को लेकर छात्र विवि में चक्कर लगाते हैं। कई-कई बार आने पर उनका काम होता है। इस बीच वह सिस्टम में दलालों का शिकार हो जाते हैं। इन सब समस्याओं से निपटने के लिए ऑनलाइन काम एक रास्ता है। ऐसे में इसके लिए रिड्रेसल पोर्टल तैयार होगा। ग्रीवांस सेल काम करेगी। स्क्रूटनी और आरटीआई का काम भी ऑनलाइन होगा। विवि अपनी वेबसाइट पर इस बारे में लिंक देगा। रजिस्ट्रार दीप चंद्र का कहना है कि योजना तैयार है। जल्द ही अमल में लाई जाएगी। इसके लिए कर्मचारियों की व्यवस्था की जा रही है।
खास बात
विवि जल्द शुरू करेगा नई व्यवस्था, शिकायत वेबसाइट पर होंगी दर्ज