मेरठ। आईसीएआई ने मंगलवार को सीए फाइनल मई 2017 का रिजल्ट घोषित किया। मेरठ के 93 होनहारों ने सीए फाइनल में बाजी मारी। तेजपाल सिंह एंक्लेव निवासी स्पर्श गुप्ता ने मेरठ से टॉप किया है। उन्होंने 528 नंबर प्राप्त किए। स्पर्श ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता को दिया। पिता सीए शिव कुमार गुप्ता का सपना स्पर्श ने पूरा किया है। स्पर्श का कहना है कठिन मेहनत और डिटरमिनेशन से लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। बड़े भाई सीए राजीव गुप्ता का भी योगदान बताया। स्पर्श की छोटी बहन स्फूर्ति ने सीए सीपीटी के परिणाम में 178 अंक हासिल कर सफलता प्राप्त की। शिव कुमार का कहना है स्पर्श शुरू से होनहार है। 2013 में 12वीं जिला टॉप किया था। मेरठ से रितेश जैन ने दूसरा और सिद्धार्थ जैन ने तीसरा स्थान हासिल किया। सीपीटी मेंस में 123 छात्र-छात्राएं सफल हुए हैं। सीए अनुपम शर्मा का कहना है मेरठ रीजन का सीए का रिजल्ट इस बार अच्छा रहा है। छात्रों का रुझान सीए की तरफ बढ़ रहा है।