मेरठ। एमपीजीएस में हंटर प्रकरण के बाद पब्लिक स्कूलों और आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचने की तैयारी को लेकर शनिवार को एसएसपी मंजिल सैनी ने एमआईईटी परिसर में स्कूल प्रिंसिपलों और प्रबंधकों के साथ बैठक की। तय हुआ कि नई व्यवस्थाओं को कांवड़ यात्रा के बाद स्कूल खुलने पर लागू किया जाएगा।
इन बिंदुओं पर सहमति
- सभी पब्लिक स्कूलों के आसपास पुलिस गश्त बढ़ेगी
- एएसपी रैंक का अधिकारी बनाया गया नोडल ऑफिसर
- वेस्ट एंड रोड, छीपी टैंक, मवाना रोड पर स्कूलों की छुट्टी के दौरान पुलिस पेट्रोलिंग होगी
- स्कूलों में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन होगा
- स्कूलों में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ेगी
- स्कूलों में आने-जाने वाले लोगों की विशेष निगरानी होगी
- स्कूल के आसपास पान, गुटका और सिगरेट के खोखे हटेंगे
- स्कूलों में बिना आई कार्ड किसी परिजन की एंट्री नहीं होगी
- स्कूलों के लिए अलग से पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर विचार होगा
- ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर प्लान बनाया जाएगा
सीबीएसई गाइड लाइन का पालन करें
एसएसपी ने पाकिस्तान के पेशावर में स्कूल में हुए आतंकवादी हमले के बाद सीबीएसई द्वारा जारी गई गाइडलाइन का सभी स्कूलों को सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। प्रिंसिपलों ने स्कूलों पर प्रदर्शन और तोड़फोड़ की घटनाओं का मुद्दा उठाया। जिस पर एसएसपी ने कहा ऐसे मामलों में पुलिस जिन धाराओं में कार्रवाई करती है, उसकी जानकारी स्कूल प्रशासन डिस्पले करे। हिदायत दे कि कुछ भी गलत किया तो कार्रवाई होगी।
सिनेमाघरों, मॉल में होगी चेकिंग
बैठक में तय हुआ कि पुलिस मॉल और सिनेमाघरों में चेकिंग अभियान चलाएगी। स्कूल ड्रेस में वहां छात्र-छात्राएं मिलते हैं तो कार्रवाई होगी।
यह रहे मौजूद
बैठक का आयोजन मेरठ स्कूल्स फेडरेशन और मेरठ सहोदय स्कूल्स कांपलेक्स ने किया था। जिसमें एमआईईटी ग्रुप के चेयरमैन विष्णु शरण, शांति निकेतन विद्यापीठ से विशाल जैन, केएल इंटरनेशनल स्कूल के प्रिंसिपल सुधांशु शेखर, दीवान पब्लिक स्कूूल के प्रिंसिपल एचएम राउत, दिल्ली पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल सविता चड्ढा, राहुल केसरवानी, तेजेंद्र शर्मा, अल्पना शर्मा, रितु दीवान, अनुपमा सक्सेना, सतीश शर्मा आदि मौजूद रहे।
खास बात
- एसएसपी ने प्रिंसिपल और स्कूल प्रबंधकों के साथ की बैठक
- कांवड़ यात्रा के बाद स्कूल खुलने पर लागू होगी नई व्यवस्था