बिना बिजली तीन दिन से ठप दो ट्यूबवेल
मेरठ (ब्यूरो)। पिछले तीन दिन से बिजली नहीं मिलने से नगर निगम के दो नलकूप ठप हैं। इससे क्षेत्र के लोगों को पानी की सप्लाई में दिक्कत हो रही है। वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर दूसरे नलकूपों से पानी की सप्लाई की जा रही है। निगम के अधिशासी अभियंता ने पीवीवीएनएल पर शिकायत के बाद भी बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं किए जाने का आरोप लगाया है। बच्चा पार्क व बुढ़ाना गेट स्थित इस्माइल गर्ल्स डिग्री कॉलेज के पास निगम के ट्यूबवेल से क्षेत्र के लोगों को पानी की आपूर्ति की जाती है। निगम के जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता सुनील सिंघल ने बताया कि पिछले तीन दिन से दोनों ट्यूबवेलों की बिजली आपूर्ति ठप है। इससे नलकूप बंद हैं। बिजली आपूर्ति नहीं होने की शिकायत बिजलीघर पर कराई जा चुकी है। इसके बावजूद विभाग ने बिजली सही नहीं कराई है।