लखनऊ में खुली लाल डायरी तो चौंक गए सब
मेरठ।
सिंचाई विभाग के ठेकेदार अजय कुमार के यहां आयकर विभाग को मिली डायरी के साथ ही प्रोपर्टी के कागजातों ने तमाम राजफाश कर दिये हैं। इस सर्च ऑपरेशन की लखनऊ में मंगलवार को ब्रीफिंग हुई तो आला अधिकारी भी हैरत में पड़ गये। अब नये सिरे से डायरी और प्रोपर्टी के कागजों को लेकर आयकर विभाग आगामी कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है।
आयकर विभाग ने 16 जून को सिंचाई विभाग के बड़े ठेकेदार अजय कुमार के आवासों और कार्यालयों सहित सिंचाई विभाग के चीफ इंजीनियर सुधीर शर्मा के कार्यालय, सरकारी आवास और गाजियाबाद के निजी आवास पर छापे मारे थे। 33 घंटे तक चली इस कार्रवाई में आयकर विभाग को एक लाल डायरी और बड़ी संख्या में प्रोपर्टी के पेपर मिले थे। जिन्हें आयकर विभाग की टीम अपने साथ ले गयी थी।
प्रोपर्टी के कागजों में नजर आया बड़ा खेल
आयकर विभाग के सूत्रों के अनुसार अजय कुमार के यहां से मिले प्रोपर्टी के कागजों की जब जांच की गयी तो उसमें बड़ा मामला नजर आया। अजय के घर से कई आला अधिकारियाें की बेनामी संपत्तियों के कागजात बरामद हुए हैं। इनमें कई संपत्ति तो अजय के साझे में हैं। अरबोें रुपये की संपत्तियों के इन अभिलेखों की रिपोर्ट आयकर विभाग ने तैयार की, जिसमें तमाम अधिकारियों के नाम दर्ज हुए हैं।
लखनऊ बैठक में रखी गयी रिपोर्ट
आयकर विभाग ने अधिकारियों ने ठेकेदार अजय कुमार के घर से मिली डायरी और प्रोपर्टी के कागजों के आधार पर तैयार रिपोर्ट को लखनऊ में आयोजित बैठक में रखा। बताया जा रहा है कि मामला पूरी तरह हाईप्रोफाइल हो गया है। आयकर विभाग ने जब ठकेदार अजय के यहां छापा मारा था, तब उसे नहीं पता था कि मामला इतना बड़ा होगा।
खास बातें
- सिंचाई विभाग के ठेकेदार अजय के यहां आयकर विभाग को छापे में मिली थी डायरी
- अजय कुमार के घर से मिले प्रोपर्टी कागज बनेंगे कई अधिकारियों के गले की फांस
- आयकर विभाग ने अब बड़ी कार्रवाई के लिए शुरू की तैयारी