मेरठ के खरखौदा में बिजली बंबा बाईपास पुलिस चौकी के समीप 44वीं वाहिनी पीएसी के पीछे मंगलवार रात 1:30 बजे झोपड़ियों भी भीषण आग लग गई। जिसमें 40 झोपड़ियों जलकर राख हो गई हैं। आग से सिलिंडर फटने लगे, जिससे बड़ा विस्फोट हो गया। आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। लोगों की भीड़ मौके पर पहुंची और झोपड़ियों में रहने वाले लोगों को निकाला। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियों की मदद से पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
बंगाल और असम के कई परिवार 10 साल से करीब 70 झोपड़ियां बनाकर यहां रहते हैं। बताया गया कि यह जमीन लिसाड़ी गेट निवासी दानिश चौधरी की है और वे प्रत्येक झोपड़ी वालों से एक-एक हजार रुपये किराया लेते हैं। झोपड़ियों में रहने वाले लोग कूड़ा-कचरा इकट्ठा करके अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं।
यह भी पढ़ें: Meerut: लिसाड़ीगेट में युवती से छेड़छाड़, जबरन घर से ले जाने का बनाया दबाव
मंगलवार रात करीब 1:30 बजे झोपड़ियों में अचानक आग लग गई। चीख पुकार मचते ही झोपड़ियों में रहने वाले लोगों को निकाला गया। झोपड़ी में रखे प्लास्टिक के स्क्रैप और सिलिंडर ने आग पकड़ ली थी, जिससे विस्फोट होने लगा। आसपास के लोग भी जाग गए।