दो कारों की टक्कर में चार घायल
रोहटा। मेरठ-बड़ौत मुख्य मार्ग पर बृहस्पतिवार देर रात तेज रफ्तार से दौड़ रही दो कार आपस में टकराने के बाद सड़क किनारे विद्युत पोल एवं पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, दोनों पक्षों ने रोहटा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव नारंगपुर निवासी देवेंद्र त्यागी पुत्र दुर्गादास अपने दोस्त सोनू पुत्र सतपाल शर्मा के साथ क्रेटा कार से मेरठ से आ रहे थे। वहीं, स्विफ्ट डिजायर कार में आमिर खान पुत्र भूरे खां अपने एक दोस्त साजिद पुत्र जमील निवासी गांव ककराला थाना आलमपुर जिला बदायूं के सामने से आ रहा था। दोनों कारों के चालक किसी अन्य वाहन को बचाने के प्रयास में नियंत्रण खो बैठे और दोनों कारें आपस मे टकरा गई। स्विफ्ट डिजायर गाड़ी सड़क किनारे विद्युत पोल क्रेटा पेड़ से जा टकराई। गनीमत यह रही कि उस समय बिजली की सप्लाई नहीं थी। कारों में सवार चारों लोग घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें मेरठ निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, दोनों वाहनों को कब्जे में लिया और दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा कायम कर लिया है।
दबथुवा के निकट हुआ हादसा, घंटों बाधित रहा मार्ग
सरधना। दबथुवा गांव के निकट मेरठ-करनाल हाईवे पर बृहस्पतिवार रात तेज गति से आ रही लो फ्लोर बस ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मारते हुए निकल गई। ग्रामीणों ने इसके विरोध में मेरठ-करनाल हाईवे पर जमा लगा दिया। वहीं, बस को पहचानने की बात करते हुए उसे रोक लिया। आरोप है कि ग्रामीणों ने चालक की जमकर पिटाई की। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला और जाम खुलवाया।
कोतवाली क्षेत्र के दबथुवा गांव निवासी पुनीत पुत्र गजेंद्र रात में ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर जा रहा था। इस दौरान तेज गति से आर ही लो फ्लोर बस ट्रैक्टर में टक्कर मारते हुए निकल गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने मेरठ-करनाल हाईवे पर जाम लगा दिया। कुछ ही देर बाद लौट रही बस को पहचान कर रोक लिया। नाराज ग्रामीणों ने चालक से मारपीट कर दी। वहीं, पुलिस ने चालक को बचाया। पुलिस ने चालक और बस को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने ग्रामीणों को किसी तरह समझा-बुझाकर शांत किया और जाम खुलवाया। इस दौरान मार्ग पर वाहनों की लंबी लाइन लगी रही।