फलावदा। नगर पंचायत के कूड़े में आग लगने से किसान की गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया गया। आक्रोशित किसान ने कूड़ा नगर पंचायत कार्यालय के सामने डाल दिया गया।
फलावदा बातनौर मार्ग पर नगर पंचायत द्वारा सड़क किनारे कूड़ा डाला जा रहा है। मंगलवार को किसी असामाजिक तत्व ने कूड़े में आग लगा दी जाती है। जिससे आग पास में खड़ी गेहूं की फसल में लग गई और किसान की तीन बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। किसान मुजीबुर्रहमान का आरोप है कि नगर पंचायत के कर्मचारी कूड़े को डंपिंग ग्राउंड में न डाल कर सड़क किनारे डाल रहे हैं। जिसकी शिकायत वह कई बार कर चुके हैं। जानकारी होने पर किसान मुजीबुर्रहमान मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने की कोशिश की। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी करतार सिंह भी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का मौका मुआयना किया। आक्रोशित किसान ने सड़क किनारे से कूड़ा उठाकर नगर पंचायत कार्यालय के बाहर डाल दिया। किसान का कहना था कि शिकायत के बावजूद भी नगर पंचायत चेयरमैन तथा कर्मचारी कूड़ा डालने से बाज नहीं आ रहे हैं हम खुद ही कूड़ा उठाकर नगर पंचायत के सामने डाल देंगे। घटना के संबंध में किसान मुजीबुर्रहमान ने थाने में अज्ञात में तहरीर दी है।
वहीं नगर पंचायत कार्यालय पर कूड़ा डाले जाने के मामले में ईओ डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह ने छह लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर में किसानों पर पंचायत कर्मियों के साथ गाली-गलौज व अभद्रता करने का भी आरोप लगाया है।