- लूट के विरोध में बदमाशों ने दो कर्मचारियों के सिर पर तमंचे की बट मारकर किया घायल
- पहले भी हो चुकी गोदाम पर लूट की घटना, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
दौराला। पीरपुर गांव स्थित इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम पर दिनदहाड़े बाइक सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने दो कर्मचारियों को तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। बदमाश वहां से 18 हजार रुपये की नगदी लूटकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची दौराला पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग की, लेकिन पता नहीं चल सका। एसपी सिटी व सीओ दौराला ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली है।
दौराला थाना क्षेत्र के गांव पीरपुर के पास खतौली निवासी विपुल त्यागी की इंडेन गैस एजेंसी का गोदाम है। बताया कि मंगलवार अपराह्न तीन बजे गोदाम पर दादरी गांव निवासी चौकीदार जयपाल, कर्मचारी कुलदीप और जतिन कैश गिन रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन बदमाश तमंचे लहराते हुए वहां पहुंचे और तीनों को बंधक बना लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने जतिन और जयपाल के सिर पर तमंचों की बट मारकर घायल कर दिया। बदमाशों ने मौके से 18 रुपये की नगदी लूट ली और धमकी देते हुए फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ितों ने बंधनमुक्त होकर मामले की सूचना पुलिस और एजेंसी मालिक को दी। दिनदहाड़े हुई लूट की घटना से पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में दौराला पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश में कांबिग की, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आ सके। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी व सीओ दौराला ने भी घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घायल कर्मचारियों को दौराला सीएचसी में भर्ती कराया। वहीं गैस ऐजेंसी संचालक ने तहरीर दी है।
कार्यालय में थे दो लाख रुपये
गैस एजेंसी के एक कर्मचारी ने बताया कि जिस समय बदमाशों ने एजेंसी पर धावा बोला उस समय तीनों कर्मचारी हिसाब कर रहे थे और उनके पास 18 हजार रुपये नगद थे। जबकि गोदाम के कार्यालय पर अलग से लगभग दो लाख रुपये रखे हुए थे।
पहले भी दो बार हो चुकी गोदाम पर लूट
गैस गोदाम पर पहले भी दो बार लूट की घटना हो चुकी है। इससे पहले भी लगभग डेढ़ साल पहले इस गोदाम पर तीन बदमाशों ने दिनदहाड़े धावा बोलकर लगभग 80 हजार रुपये लूटे थे। कई बार लूट की घटना होने के बाद भी यहां सुरक्षा के उचित इंतजाम नहीं है।
-------
जांच चल रही
पूरे मामले की जांच की जा रही है। सकौती बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। इस मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। -रितेश कुमार, एसओ दौराला