आचार संहिता को लेकर सतर्क रहे प्रत्याशी, सिर्फ दो मामले दर्ज
बिजनौर से प्रत्याशी मलूक नागर और मेरठ से हाजी याकूब पर दर्ज हुआ था केस
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। इस बार चुनाव आचार संहिता को लेकर प्रत्याशी सतर्क नजर आए। जनपद में चार लोकसभा लगती हैं, मात्र दो प्रत्याशियों सहित तीन मामले चुनाव आचार संहिता के जनपद में दर्ज हुए हैं।
नामांकन से पहले रालोद नेत्री सावित्री चमन ने कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में जनसभा की थी, जिसमें रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी आए थे। बिना अनुमति सभा करने पर सवित्री पर आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज हुआ। वहीं बिजनौर से बसपा प्रत्याशी मलूक नागर ने बिना अनुमति स्कूल में जनसभा की थी। उन पर मवाना थाने में मामला दर्ज हुआ। वहीं मेरठ हापुड़ सीट से बसपा प्रत्याशी हाजी याकूब कुरैशी ने भी देर रात बिना अनुमति जनसभा की। उन पर भी मामला दर्ज हुआ।
मेरठ की जनसभा में दिए बयान पर योगी पर कार्रवाई
मेरठ के सिसौली में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अली और बजरंगबली को लेकर बयान दिया था। चुनाव आयोग ने उन पर 72 घंटे तक चुनाव प्रचार से अलग रहने की कार्रवाई की है।