- बवाल में सबसे आगे था भाजपा कार्यकर्ता शाहिद भारती
- अब तक पुलिस ने पांच लोगों को किया गिरफ्तार
- पुलिस पर दबाव बनाने के लिए लगाई गई थी आग
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
भूसा मंडी बवाल में पुलिस ने सोमवार को भाजपा कार्यकर्ता शाहिद भारती को गिरफ्तार किया। वह बवाल के दौरान सबसे आगे था। पुलिस की पूछताछ में आरोपी शाहिद ने कई नाम उजागर किए। उन आरोपियों की तलाश में पुलिस ने कई जगहों पर दबिश दी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़े। शाहिद ने बताया कि पुलिस पर दबाव बनाने के लिए इस्तेयाक की पत्नी आसमां उर्फ काली ने झुग्गियों में आग लगाई थी।
सदर बाजार थानाक्षेत्र के भूसा मंडी में बीते बुधवार को 200 झुग्गियों में आग लगाने के बाद बवाल हुआ था। तभी से पुलिस बवालियों की तलाश में जुटी है। फोटो और वीडियो से बवालियों की पहचान कराई जा रही है। सोमवार को पुलिस ने आरोपी भाजपा कार्यकर्ता शाहिद भारती निवासी भूसा मंडी को गिरफ्तार किया। इससे पहले पुलिस चार आरोपी इस्तेयाक, नदीम, अब्बास और रहीसुद्दीन उर्फ चिल्ली को जेल भेज चुकी है। पुलिस के अनुसार, करीब 200 बवालियों के नाम जांच में सामने आए हैं। कई बवाली अपने परिवार को छोड़कर भाग गए हैं।
आसमां उर्फ काली ने लगाई थी आग
एसओ विजय कुमार गुप्ता के मुताबिक बवाल का आरोपी इस्तेयाक, उसकी पत्नी आसमां उर्फ काली समेत पूरा परिवार अवैध शराब बेचता है। कई बार पुलिस उनको जेल भेज चुकी है। रहीस का मकान ध्वस्त करने के बाद पुलिस ने धमकी दी थी कि अवैध निर्माण नहीं होने देंगे। उसके बाद आसमां उर्फ काली ने झुग्गियों में आग लगाकर पुलिस पर दबाव बनने की प्लानिंग की। पुलिस की जांच में और जेल भेजे आरोपियों के मुताबिक भूसा मंडी में आग आसमां उर्फ काली ने लगाई थी। उसके बाद दिल्ली रोड पर बवालियों ने अराजकता की।
काली की तलाश में दी दबिश
पुलिस आगजनी का मुख्य आरोपी आसमां उर्फ काली को बनाने की बात कह रही है। इसको देखते हुए काली की गिरफ्तारी के लिए एक टीम अलग गठित की गई है। इसमें एक महिला दरोगा, दो महिला सिपाही समेत आठ पुलिस कर्मी हैं। पुलिस ने बताया कि काली की तलाश में उसके कई रिश्तेदारों के यहां दबिश दी गई। लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ी। पुलिस जल्द ही काली और उसके बेटे आरिफ को गिरफ्तार कर जेल भेजने की बात कह रही है।