युवाओं को रोजगार मिलने तक मिले रोजगार भत्ता
- रालोद के युवा अधिकार सम्मेलन में दो प्रस्ताव हुए पास
मेरठ। मंगलवार को रालोद सुप्रीमो चौधरी अजित सिंह के 80वें जन्मदिन पर नई दिल्ली स्थित मावलांकर हाल में पार्टी ने युवा अधिकार सम्मेलन का आयोजन किया। सम्मेलन में विपक्षी दलों के प्रमुख नेताओं ने शिरकत की। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने सम्मेलन में दो प्रस्ताव रखे जो ध्वनिमत से पारित हो गए। इसमें पहला प्रस्ताव चुनाव लड़ने की आयु 25 साल से कम करके 21 साल करने और दूसरा प्रस्ताव युवाओं को रोजगार गारंटी एवं रोजगार मिलने तक बेरोजगारी भत्ता देने की मांग शामिल रही। सम्मेलन की अध्यक्षता सांसद शरद यादव ने की। सीपीएम के सीताराम येचुरी, कांग्रेस से अहमद पटेल, एनसीपी से माजिद मेनन, आप पार्टी के सांसद संजय सिंह, युवा नेता हार्दिक पटेल, पूर्व सांसद शाहिद सिद्दीकी, सपा प्रवक्ता घनश्याम तिवारी, त्रणमूल कांग्रेस से नइम-उल-हक, जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष एन साईं बालाजी, रालोद महासचिव त्रिलोक त्यागी और युवा रालोद अध्यक्ष वसीम रजा आदि शामिल रहे।