माछरा। क्षेत्र के गांव बहरोड़ा में सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेताओं द्वारा राशन वितरण में अनियमितता बरतने पर एसडीएम मवाना द्वारा जांच के उपरांत दोनों दुकानें निलंबित कर अन्य से संबद्ध कर दिया गया।
आपूर्ति निरीक्षक सुनील भटनागर ने बताया कि माछरा ब्लॉक क्षेत्र के गांव बहरोड़ा में राशन की दो दुकानें थीं। एक दुकान सुनील कुमार तथा दूसरी दुकान प्यार मोहम्मद के नाम से थीं। ग्रामीणों ने दोनों दुकानों के प्रति शपथ पत्र देकर एसडीएम मवाना से शिकायत की थी। जिसमें कहा था कि गरीबों को राशन का उचित दर पर वितरण नहीं किया जा रहा है। सरकारी राशन को खुले बाजार में थोक में बेचा जा रहा है। वहीं, राशन विक्रेता उपभोक्ताओं से अभद्रता करता है। वह ग्रामीणों से निर्धारित से ज्यादा मूल्य वसूलता है। उपजिलाधिकारी मवाना अंकुर श्रीवास्तव में शपथ-पत्रों पर की गई शिकायत की जांच कराई गई। जिसमें जांच सही पाए जाने पर उपजिलाधिकारी मवाना ने गांव बहरोड़ा की सुनील कुमार एवं प्यार मोहम्मद की दुकानें निलंबित कर दी गई हैं। सुनील कुमार की दुकान को खातून गांव नित्यानंदपुर राशन विक्रेता के यहां लगाया है। इसी प्रकार प्यार मोहम्मद की दुकान को भी अजब सिंह ग्राम नवीपुर अमानतनगर से संबद्ध किया गया है। वह गांव बहरोड़ा में राशन का वितरण करेंगे।