सरधना। मढियाई गांव निवासी ग्रामीण से मारपीट करने और उसे गांव छोड़ने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने शनिवार को ग्राम प्रधान पुत्र का चालान कर दिया। वहीं, दो अज्ञात युवकों की तलाश कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के मढियाई गांव निवासी मुकेश सैनी ने ग्राम प्रधान जमील के पुत्र नईम एवं दो अन्य पर मारपीट करने तथा गांव छोड़ने की धमकी
देने का आरोप लगाया था। वह पुलिस कार्रवाई नहीं होने से क्षुब्ध होकर गांव छोड़कर चला गया था। वह बीते बृहस्पतिवार को मकान का ताला बंद करके अपनी वृद्धा मां जमुना के साथ गांव छोड़कर जा रहा था। इससे पूर्व सीओ सरधना संतोष कुमार से मिला था। उसने सीओ को शिकायती पत्र सौंपा था। इसके बाद लावड़ चला गया। समाचार-पत्रों में शुक्रवार को जैसे ही मढियाई गांव से मुकेश सैनी के परिवार के पलायन का समाचार छपा तो सैनी समाज के लोगों के साथ भाजपाइयों व हिंदू संगठनों में रोष व्याप्त हो गया। उन्होंने मढियाई गांव पहुंचकर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर हंगामा किया था। हालांकि पुलिस ने ग्राम प्रधान हाजी जमील उर्फ मुन्ना के आरोपी पुत्र नईम को मुकदमा दर्ज करने के साथ ही बृहस्पतिवार रात में हिरासत में ले लिया था। पुलिस ने शनिवार को ग्राम प्रधान के बेटे नईम को जेल भेज दिया। वहीं, दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। गांव में फिलहाल शांति है, लेकिन घटना को लेकर दोनों समुदाय में तनाव बरकरार है।
मुख्य बातें
पुलिस अन्य दो आरोपियों की तलाश में जुटी
गांव में तनाव के बावजूद शांति बरकरार