दौराला। एसबीआई शाखा मैनेजर द्वारा की गई अभद्रता के विरोध में ग्रामीणों ने बुधवार दोपहर जमकर हंगामा किया। आरोप है कि बैंक मैनेजर आए दिन ग्राहकों से अभद्रता करती हैं। वह नोड्यूज देने के बदले सुविधा शुल्क की मांग करती हैं। बैंक में हंगामे की सूचना पाकर सकौती पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसी तरह ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया।
एसबीआई की शाखा सकौती में रूहासा गांव निवासी सत्यवीर कर्ज संबंधी नोड्यूज लेने गया। उसका आरोप है कि बैंक मैनेजर मीनाक्षी शुक्ला ने सुविधा शुल्क की मांग की। इस पर ग्रामीण ने हंगामा कर दिया। उसने इसकी जानकारी दादरी के ग्राम प्रधान राजेंद्र कुमार को दी। इस पर ग्राम प्रधान बैंक पहुंचे। उनका आरोप है कि बैंक मैनेजर ने उनसे भी अभद्रता की और काम करने से साफ इनकार कर दिया। बैंक परिसर में हंगामे से कार्य ठप हो गया। इस पर सकौती चौकी प्रभारी प्रबल पंकज कुमार मयफोर्स के साथ पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह समझा-बुझाकर ग्रामीणों को शांत किया। ग्राम प्रधान राजेंद्र कुमार एवं ग्राहक सत्यवीर ने बैंक मैनेजर के खिलाफ अभद्रता करने और सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाते हुए सकौती चौकी पर तहरीर दी। उधर, शाखा प्रबंधक ने इस संबंध में वर्जन देने से इनकार कर दिया।
वर्जन
हंगामे की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। वहीं, जांच के लिए फुटेज भी देखी जाएगी। दो अलग-अलग तहरीर आई है। इनकी जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। शाखा प्रबंधक ने भी इनके खिलाफ तहरीर दी है, उसकी भी जांच की जा रही है।-प्रबल पंकज कुमार, चौकी प्रभारी सकौती
वर्जन
बैंक मैनेजर का व्यवहार खराब है, किसान नोड्यूज के लिए जाते हैं तो इनकार कर देती हैं। इतना ही नहीं अभद्रता भी करती हैं। मेरे से भी अभद्रता की। फुटेज में सब कुछ सामने आ जाएगा, बैंक मैनेजर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी।-राजेेंद्र प्रधान, दादरी
मुख्य बातें
नोड्यूज के नाम पर सुविधा शुल्क मांगने और अभ्रदता करने का आरोप
बैंक मैनेजर और ग्राहक ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी