बकरीद से पहले बीच सड़क पर पशु पैठ लगाने से जाम को लेकर सख्त हुई पुलिस
एसपी सिटी ने सीओ और इंस्पेक्टर को दिए थे कार्रवाई के निर्देश
मेरठ। हापुड़ रोड पर शनिवार को अवैध तरीके से लगाई गई पशु पैठ पर पुलिस ने डंडा चला दिया। इस दौरान पुलिस ने भीड़ पर लाठी फटकारते हुए भगा दिया। बीच सड़क से पशु भी हटवा दिए। कुछ लोगों ने विरोध करने की कोशिश की। लेकिन पुलिस ने एक नहीं सुनी। कहा कि बीच सड़क पर अवैध तरीके से पशु पैठ नहीं लगने दी जाएगी।
हापुड़ रोड पर जाकिर कालोनी से लेकर इस्लामाबाद पुलिस चौकी तक लिसाड़ी गेट क्षेत्र में बकरीद से पहले पशु लगी थी। इस दौरान हापुड़ रोड पर लंबा जाम लग गया। ट्रैफिक पुलिस ने जाम खुलवाने की कोशिश की। लेकिन पशुओं से ट्रैफिक व्यवस्था धड़ाम हो गई। दोपहर को सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला, इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट मो. असलम फोर्स के साथ पहुंचे। सीओ ने कहा कि यदि पशु सड़क से नहीं हटाए तो पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी पड़ेगी। काफी समझाने पर भी भीड़ नहीं मानी। जिसके बाद पुलिस ने लाठी चलाकर पशुओं को हटवा दिया।
एसपी सिटी का कहना है कि सड़क पर कहीं भी अवैध तरीके से किसी भी प्रकार की पैठ नहीं लगने दी जाएगी। बकरीद को लेकर निर्देश दिए गए थे। सड़क पर पशु मिले तो पुलिस कार्रवाई करेगी।