जुमलों वाली सरकार के पास गिनाने को कुछ नहीं
मेरठ। प्रदेश सरकार शनिवार और रविवार को मेरठ में होगी। योगी सरकार की घेराबंदी के लिए विपक्ष भी सामने आ गया है। शुक्रवार को सपाइयों ने योगी सरकार पर जहां उप्र का विकास रोकने और भ्रष्टाचार को जन्म देने के आरोप लगाए। वहीं जुमलों वाली सरकार का नाम दिया। सपाइयों ने सीएम योगी से जनता हित में किए गए कार्य, विकास कार्यों का हिसाब भी मांगा है। साथ ही अखिलेश सरकार के समय किए गए विकास कार्य भी गिनाए। सपाइयों ने सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने से लेकर जेल भरो आंदोलन चलाने की चेतावनी दी। शुक्रवार को सपा नेताओं ने जेल रोड स्थित सपा कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता की।
योगी सरकार ने रोका विकास
पूर्व कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर ने कहा कि सपा सरकार में प्रदेश का विकास हुआ, लेकिन योगी सरकार विकास के नाम पर एक कदम भी आगे नहीं बढ़ पाई है। उप्र में बढ़ रहा है तो केवल अपराध और भ्रष्टाचार। जाति धर्म के नाम पर जातीय संघर्ष हो रहे हैं। हाल ही में हुए उप चुनाव में जनता ने भाजपा की जुमलो वाली सरकार के झूठे वादों को आइना दिखाने का काम किया। गठबंधन ने जीत हासिल की। उन्होंने कहा कि अब सीएम मेरठ में होंगे तो देखना है कि पश्चिम उप्र को क्या देकर जाएंगे।
मातादीन के नाम पर समाज को कर रहे ब्लैकमेल
पूर्व विधायक प्रभु दयाल वाल्मीकि ने कहा कि भाजपाइयों ने कार्यक्रम स्थल का नाम शहीद मातादीन वाल्मीकि के नाम पर रखकर समाज को इमोशनल ब्लैकमेल करने का काम किया है। केवल मातादीन के नाम से कार्यक्रम का नाम रखने से वाल्मीकि समाज का भला होने वाला नहीं है। वाल्मीकि समाज के रोजगार छीने जा रहे हैं। अगर सीएम योगी वाल्मीकि समाज से इतना ही स्नेह करते हैं तो सभी नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायतों में आउट सोर्सिंग पर काम करने वाले वाल्मीकि समाज के लोगों को स्थाई कर्मचारी बनाने की घोषणा करें। भाजपाइयों के झूठे आश्वासनों के कारण वाल्मीकि समाज की हालत दयनीय है।
सरकार कर रही बुनकरों पर जुल्म
शहर विधायक रफीक अंसारी ने कहा कि उप्र की अखिलेश सरकार ने बुनकरों की दयनीय हालत सुधारने के लिए फ्लैट रेट पर बिजली दी। लेकिन योगी सरकार बुनकरों को फिर से दयनीय स्थिति में लाना चाहती है। सपा सरकार में मुस्लिम बहुल क्षेत्र हापुड़ रोड पर पुराने कमेले की भूमि पर 50 बेड का हास्पिटल स्वीकृत हुआ था। सरकार ने तीन करोड़ रुपया जारी भी कर दिया था, लेकिन योगी सरकार हास्पिटल निर्माण भी शुरू नहीं करा पा रही है। सरकार जनता को न्याय दिलाने के बजाय गरीबों को अपराधी बनाने का काम कर रही है। योगी सरकार के पास जनता को गिनाने के लिए कुछ भी नहीं है।
अखिलेश की बराबरी नहीं कर सकते योगी
अतुल प्रधान ने कहा कि उप्र में विकास ही नहीं बल्कि किसानों का गन्ना बकाया भुगतान, छात्र-छात्राओं को लैपटॉप योजना, गरीबों को आवास, पेंशन आदि देने का काम अखिलेश यादव ने किया था। सीएम योगी किसी भी कदम पर अखिलेश यादव की बराबरी नहीं कर सकते हैं। योगी सरकार न तो किसानों को बकाया गन्ना भुगतान करा पाई है और न विकास कार्य। मोदी जी हो या योगी दोनों ही जुमले बाजी करने में सबसे आगे हैं। उन्होंने कहा कि हम सरकार से जवाब चाहते हैं कि भाजपा गरीबों की गाढ़ी कमाई का दुरुपयोग करके आए दिन हवाई यात्रा, राष्ट्रोदय जैसे कार्यक्रम कर रही है। विकास का समस्त खजाना भाजपा और आरएसएस के संगठनों पर खर्च किया जा रहा है। सरकार छात्र संघ के चुनावों पर रोक लगाना चाहती है।
मुआवजे की मांग की
सपा जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह ने कहा कि योगी सरकार में बेरोजगारी बढ़ी है। सपा सरकार में जिन युवाओं को रोजगार दिया गया था उनको भी नौकरी से निकाले जाने की तैयारी हो रही है। जातीय संघर्ष हो रहे हैं। उल्देपुर में दलित युवक की हत्या कर दी गयी। हमारी उप्र सरकार से मांग है कि पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक मदद की जाए। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी, राजदीप विकल आदि मुख्य रहे।