सरकारी कार्यालयों और आवासों में लगेंगे प्रीपेड बिजली मीटर
बागपत।
समय पर बिजली बिल जमा करने और बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए अब जिले के सरकारी कार्यालयों और आवासीय भवनों में प्रीपेड बिजली मीटर लगाने की तैयारी हो गई है। पावर कारपोरेशन की ओर से जिले को प्रीपेड मीटर प्राप्त हो गए हैं। शीघ्र ही प्रीपेड मीटर लगाने का काम शुरू होगा।
सरकारी महकमों के कार्यालयों और आवासीय भवनों पर समय पर बिजली बिल जमा न होने से भारी बकाया हो जाता है। सरकारी महकमे को भी यह बिल जमा कराने के लिए शासन से बजट मांगना पड़ता था। शासन से बजट आने के बाद ही बिल जमा कराया जाता है। इस समस्या से निपटने के लिए पावर कारपोरेशन में प्रीपेड बिजली मीटर लगाने की कवायद शुरू हो गई है। इसके लिए जिला मुख्यालय पर प्रीपेड मीटर पहुंचे हैं। अधीक्षण अभियंता रामबीर सिंह ने बताया कि पावर कारपोरेशन को प्रीपेड बिजली मीटर आपूर्ति करने वाले कंपनी के इंजीनियर के जिला मुख्यालय पर पहुंचकर ट्रायल करेंगे। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि जिन सरकारी कार्यालयों और आवासीय भवनों का संपूर्ण बिजली का बिल जमा हो चुका है, पहले प्रीपेड मीटर उनमें लगाए जाएंगे। इसके अलावा जिन पर बिजली बिल बकाया है, उनके मीटर तो लगाए ही जाएंगे, साथ ही बिल भुगतान के लिए नोटिस भी जारी किया जाएगा। ट्रायल के बाद एक जून से प्रीपेड बिजली मीटर लगाने का काम शुरू हो जाएगा। इसके अलावा प्रीपेड बिजली मीटर अस्थाई निर्माण, नव निर्मित मकान, दुकान और कोल्हू के साथ-साथ इच्छुक उपभोक्ताओं के यहां लगाने की प्राथमिकता होगी।
मोबाइल की तर्ज पर रिजार्ज होगा प्रीप्रेड मीटर
बागपत। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि मोबाइल की तरह प्रीपेड़ बिजली मीटर रिचार्ज कराना पड़ेगा। जैसे मोबाइल में रिचार्ज खत्म हो जाता है, उसी प्रकार प्रीपेड बिजली मीटर मे जितने रुपये का रिचार्ज कराओगे, उतनी बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगी। उन्होंने बताया कि प्रीपेड मीटर को उपभोक्ता ऑनलाइन रिचार्ज करा सकते है। अथवा विद्युत निगम के कार्यालयों मे कैश काउंटर पर धनराशि उपभोक्ता जमा करा सकता है।