कंकरखेड़ा। कासमपुर में शनिवार रात मनोज नाम के युवक की चाकू से गोदकर हत्या करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी सत्ते और उसके दोनों बेटों को जेल भेज दिया गया। इस दौरान दोनों बेटों ने पिता को कोसते हुए कहा कि हम बहुत समझाते थे कि शराब मत पिया करो। बिना बात किसी से मत उलझा करो। किसी दिन तुम्हारे किए की सजा हमें न भुगतनी पड़ जाए। आखिर तुम्हारी वजह से हम बिना बात ही हत्यारोपी बन गए।
सीओ दौराला पंकज सिंह और इंस्पेक्टर दीपक शर्मा ने तीनों आरोपियों को रविवार को मीडिया के सामने पेश किया। इस दौरान मुख्य हत्यारोपी सत्यपाल उर्फ सत्ते पुत्र साधु सिंह ने बताया कि उसका विवाद ब्याज के पैसों को लेकर दीपक से हुआ था। बचाव में आया मनोज बिना बात ही मारा गया था जबकि उससे कभी उसका कोई विवाद नहीं हुआ था। मेरी गलती से मनोज मारा गया। लेकिन मेरे दोनों बेटे निर्दोष हैं। पुलिस चाहे तो उनकी जांच करा ले। सीओ ने आश्वासन दिया कि जांच करेंगे। वहीं, इंस्पेक्टर का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया है। आला कत्ल चाकू व छुरी भी बरामद कर ली हैं।