कोर्ट में मामला और करा दिए चुनाव
मेरठ।
उत्तर प्रदेश जूनियर हाईस्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ के चुनावों को लेकर विवाद पैदा हो गया है। संघ चुनाव को लेकर मामला लखनऊ न्यायालय में विचाराधीन है, बावजूद जिले के कई ब्लॉक में चुनावों को लेकर छुट्टी की घोषणा कर दी गई। जबकि शिक्षा निदेशालय द्वारा प्रदेश के सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को चुनाव नहीं कराने और मामले में किसी प्रकार का पत्र जारी नहीं करने के आदेश दे रखे हैं। बावजूद खरखौदा ब्लॉक में सोमवार को चुनाव भी करा दिए गए।
एक पक्ष से कमल सिंह खुद को जिलाध्यक्ष और दिनेश कुमार खुद को प्रदेश अध्यक्ष होने का दावा कर रहे हैं। वहीं दूसरे धड़े से जिलाध्यक्ष के पद पर जयवीर सिंह और प्रदेश अध्यक्ष के पद पर योगेश त्यागी दावेदारी कर रहे हैं। दोनों पक्षों का विवाद कोर्ट में चल रहा है। वहीं बेसिक शिक्षा निदेशालय लखनऊ द्वारा कोर्ट में मामला विचाराधीन होने के कारण प्रदेश के सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को मामले में किसी प्रकार की गतिविधि या पत्र जारी न करने के निर्देश दिए हैं। लेकिन मेरठ जिले के सभी 12 ब्लॉकों में चुनावों की घोषणा कर दी गई।
बेसिक शिक्षा विभाग ने पांच से 17 मार्च तक होने वाले ब्लॉक स्तरीय चुनावों को लेकर छुट्टी भी घोषित कर दी। जिसमें सोमवार को खरखौदा ब्लॉक में चुनाव भी करा दिए गये। इसमें जूनियर हाईस्कूलों के शिक्षकों की छुट्टी के आदेश बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा दिए गए थे। इसके अलावा जानी, रोहटा, मवाना, दौराला, हस्तिनापुर, रजपुरा, सरूरपुर, माछरा, परीक्षितगढ़, मेरठ, सरधना में भी चुनाव होने हैं। वहीं पूरे मामले में एक पक्ष का आरोप है कि बेसिक शिक्षा अधिकारी ने दूसरे पक्ष को चुनाव कराने को लेकर छुट्टी कराई है। वहीं मामले को लेकर बरेली सहित कई जिलों में शिक्षक संघ के चुनाव निरस्त हो चुके हैं। उधर, बेसिक शिक्षा अधिकारी सतेंद्र कुमार ढाका ने बताया लखनऊ निदेशालय द्वारा चुनावों को निरस्त करने के निर्देश आ गये हैं। मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।