मेरठ। जिला पंचायत अध्यक्ष उपचुनाव को लेकर मंगलवार को जहां कलक्ट्रेट के आसपास का इलाका दिन भर जाम रहा। वहीं, चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भाजपाइयों के रोड शो और जीत के जुलूस ने दोपहर बाद पूरा शहर जाम कर दिया।
उपचुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस फोर्स ने सुबह से ही कलक्ट्रेट की चारों तरफ से घेराबंदी कर ली थी। कमिश्नरी चौराहा और अंबेडकर चौराहे पर भी बेरीकैडिंग लगाकर रूट डायवर्जन कर दिया था। जिसके चलते मतदान के दौरान कमिश्नरी आवास चौराहा, अंबेडकर चौराहा, वेस्टर्न कचहरी रोड, बच्चा पार्क और बेगमपुल चौराहे के आसपास दिल्ली रोड पर दिन भर जाम लगा रहा। दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों की हजारों की संख्या में भीड़ थी। मेरठ कॉलेज तक काफी संख्या में गाड़ियां खड़ी थीं।
जीत के बाद बिगड़ गए हालात
चुनावी परिणाम भाजपा प्रत्याशी कुलविंदर सिंह के पक्ष में जारी हुआ तो जीत के जुलूस और रोड शो से शहर की ट्रैफिक स्थिति और ज्यादा खराब हो गई। जिला पंचायत अध्यक्ष कुलविंदर सिंह ने मेरठ कॉलेज से होते हुए जुलूस निकाला। जुलूस कमिश्नर आवास चौराहा पर पहुंचा, जहां पर उन्होंने शहीद धनसिंह कोतवाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उसके बाद शहर में कई जगहों से गुजरे इस जुलूस के चलते देर शाम तक भीषण जाम की स्थिति रही। पुलिस फोर्स भी इस जुलूस के साथ थी। लेकिन जनता को जाम से कोई राहत नहीं मिल पाई। शहर के चौराहे ही नहीं, दिल्ली रोड पर भी भीषण जाम लग गया। ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरफ चरमरा गई। एसएसपी ने एसपी ट्रैफिक को निर्देश दिए कि जाम की स्थिति को देखें। देर शाम के बाद ही जाम से लोगों को निजात मिली।
- कमिश्नरी आवास, बच्चा पार्क समेत कई चौराहे रहे जाम
- जीत के बाद भाजपाइयों ने शहर में निकाला रोड शो और जुलूस