तीमारदार को अस्पतालों तक नि:शुल्क पहुंचाएंगी 30 एंबुलेंस
- प्रगतिशील समाजवादी पार्टी युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित जानी ने की मेडिकल हेल्पलाइन शुरू करने की घोषणा
सरूरपुर। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित जानी ने बढ़ते संक्रमण को देखते हुए मेडिकल हेल्पलाइन शुरू करने की घोषणा की है। इसके तहत वह मेरठ को 30 एंबुलेंस देंगे। सिवालखास विधानसभा क्षेत्र के 10 और बाकी पूरे जिले और आसपास के क्षेत्र में 20 एंबुलेंस मरीजों को नि:शुल्क अस्पताल पहुंचाने का काम करेंगी। कस्बा हर्रा में अमित जानी ने बताया कि इस समय जिले में आए दिन ऐसे मामले देखने को मिल रहे हैं कि तीमारदार से एंबुलेंस मनमाना किराया वसूल रहे हैं। इस देखते हुए उन्होंने मेरठ में लोगों को 30 एंबुलेंस देने की बात कही है। उन्होंने बताया कि एंबुलेंस सरधना नहर के पुल से निवाड़ी के पुल तक जानी, भोला, पूठ, नानू के सभी पुलों पर उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा हर्रा, खिवाई, करनावल, सिवालखास जैसी नगर पंचायतों को 1-1 अलग से एंबुलेंस दी जाएगी। उन्हें समाज सेवा का जज्बा सोनू सूद व पप्पू यादव से मिला है। पूर्व में भी उन्होंने गरीबों के मुफ्त आवास के लिए चौधरी देवीलाल असहाय आवास योजना और निर्धन कन्या के विवाह के लिए शिवपाल सिंह यादव कन्यादान धन योजना का भी शुभारंभ किया।