टीपीनगर में सोमवार रात सेल्समैन से तीन लाख रुपये लूटकर बदमाश फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। हालांकि बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस का कहना है कि सेल्समैन ने कहां-कहां से पैसे लिए थे, इसकी जांच भी की जा रही है।
बुलंदशहर के बीबीनगर निवासी जयवीर सिंह सोमवार को शराब के ठेकों से रुपये का कलेक्शन कर लौट रहे थे। देररात तीन बदमाशों ने दिल्ली रोड पर जयवीर को घेर लिया। गोली मारने की धमकी देकर सेल्समैन से नोटों से भरा बैग छीन लिया। सूचना के बाद एसओ टीपीनगर दिनेश चंद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बदमाशों की तलाश में कई जगह दबिश दी। पुलिस ने सेल्समैन से पूछताछ की। उसने बैग में करीब तीन लाख रुपये होना बताया। पुलिस ने कलेक्शन सेंटर के बारे में भी जानकारी हासिल की। कई जगह पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी देखी। हालांकि फुटेज में बदमाश नहीं नजर आए। वारदात के संबंध में सीओ ब्रह्मपुरी चक्रपाणि त्रिपाठी का कहना है कि पुलिस बदमाशों की तलाश में लगी है। लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। लोकल बदमाशों का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस सेल्समैन की भी जांच कर रही है।