दुधली के जंगल में गेहूं में लगी आग के बाद पड़ी राख स्रोत संवाद
- किसानों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया
संवाद न्यूज एजेंसी
माछरा। क्षेत्र के गांव खंद्रावली में विद्युत ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी से तीन किसानों की करीब 28 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
ब्लॉक माछरा क्षेत्र के गांव खंद्रावली के किसानों ने बताया कि मुश्ताक अली के खेत के पास विद्युत ट्रांसफार्मर रखा हुआ था। दोपहर बाद ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी से पास में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। तेज आग ने आसपास के खेतों को भी अपनी चपेट में ले लिया जिससे आग तेजी से फैल गई। आग से किसान अतुल त्यागी की करीब साढ़े चार बीघा और आस मोहम्मद की करीब 12 बीघा और मुश्ताक अली की करीब 12 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
ग्रामीणों को आग लगने की सूचना जैसे ही मिली वह आग बुझाने के लिए ट्रैक्टर, डंडे आदि लेकर खेतों की तरफ दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। सूचना पर माछरा पुलिस चौकी से पुलिस पहुंची लेकिन तब तक आग बुझ चुकी थी। उधर सूचना मिलते ही हसनपुर कला बिजली घर के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे तथा उन्हें किसानों ने काफी खरी-खोटी सुनाई। वह खूंटी ठीक करने में लग गए। किसानों ने बताया कि काफी दिनों से ट्रांसफार्मर की खूंटी खराब थी। हसनपुर कला बिजली घर पर इसकी सूचना किसानों ने कई बार दी परंतु विद्युत कर्मचारी व अधिकारियों ने खराब खूंटी ठीक नहीं की।
किसानों ने तहसील एवं जिला प्रशासन से मांग की कि उनकी गेहूं की फसल फुंकने से काफी हानि हुई है। उन्हें सरकार मुआवजा राशि दे जिससे वह अपने बच्चों का पालन पोषण सही ढंग से कर सकें।
दुधली के जंगल में गेहूं में लगी आग के बाद पड़ी राख स्रोत संवाद