- पीड़िता ने साइबर थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराई
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। साइबर ठगों ने स्क्रीन शेयरिंग के जरिए मोबाइल का एक्सेस हासिल कर महिला उषा आनंद के पंजाब नेशनल बैंक खाते से 2.59 लाख रुपये निकाल लिए।आरोपी ने महिला को झांसे में लेकर मोबाइल पर कुछ निर्देशों का पालन कराया और यूपीआई पिन भी डलवा लिया। इसके बाद पेटीएम के माध्यम से तीन यूपीआई ट्रांजेक्शन कर खाते से साइबर ठगी कर ली।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के साकेत निवासी उषा आनंद के बुधवार को साइबर थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि 21 सितंबर 2026 को एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया। आरोपी ने उन्हें अपने मोबाइल पर कुछ निर्देशों का पालन करने के लिए राजी कर लिया। इस दौरान स्क्रीन शेयरिंग सुविधा के माध्यम से उनके मोबाइल फोन का एक्सेस हासिल कर लिया। आरोप है कि आरोपी ने उनसे यूपीआई पिन भी डलवा लिया। इसके बाद उनके पंजाब नेशनल बैंक खाते से पेटीएम के जरिए तीन बार लेनदेन किए गए। इन ट्रांजेक्शन के माध्यम से 2.59 लाख रुपये निकाल लिए गए। एसपी क्राइम अवनीश कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। खाते को फ्रीज कर पैसे दिलाने की कोशिश की जाएगी।