सरधना। नगर में एटीएम कार्ड बदलकर युवक के खाते से 25 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। ईदगाह रोड नई बस्ती निवासी नौशाद के अनुसार वह दो दिन पहले अपने नजदीकी एटीएम से पैसे निकालने गया था। उसके पीछे खड़े दो अज्ञात युवकों ने मदद करने के बहाने उससे संपर्क किया। आरोप है कि युवकों ने चालाकी से उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। पीड़ित के अनुसार घर लौटने के कुछ देर बाद उसके मोबाइल पर खाते से रुपये कटने का संदेश आया। आरोपियों ने उसके खाते से 25 हजार रुपये निकाल लिए। नौशाद ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।