बीएसएनएल में 247 कर्मचारियों को दी विदाई
मेरठ। कर्मचारी भविष्य निधि कार्यालय जागृति विहार और बीएसएनएल के विभिन्न कार्यालयों में शुक्रवार को विदाई समारोह का आयोजन किया गया। बीएसएनएल में 247 कर्मचारी और ईपीएफ में एक महिला कर्मचारी को विदाई दी गई। बागपत, बड़ौत, सरधना, मवाना, शास्त्रीनगर बीएसएनएल कार्यालय में भी आयोजन हुए।
जागृति विहार स्थित कर्मचारी भविष्य निधि कार्यालय में एसएसएसए रीना शर्मा को कार्य के 33 साल पूरे होने पर विवाई दी गई। संचालन विजय पाल और वरुण गुप्ता ने किया। लोक अदालत के मामले में मेरठ पहुंचे सेंट्रल गवर्नमेंट इंडस्ट्रियल ट्रिब्युनल के जज एसके ठाकुर और यूपी-बिहार के एडिशनल सेंट्रल कमिश्नर गौतम दीक्षित सहित रीजनल कमिश्नर प्रथम मोहम्मद शारिक शामिल हुए। सहायक आयुक्त सीके सैनी ने कर्मचारियों को एक परिवार की तरह रहकर एक-दूसरे का सहयोग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में एसके अरोड़ा, सहायक आयुक्त अक्षय भार्गव, पीएनबी के मुख्य प्रबंधक दीपक शर्मा, ऋतु वशिष्ठ, निधि वशिष्ठ, सीमा शर्मा, अजय शर्मा, सपना, अंकित मिश्रा, विशाल शर्मा आदि मौजूद रहे।
उधर, चैंबर ऑफ कामर्स में आयोजित समारोह में बीएसएनएल के 40 कर्मचारियों को विदाई दी गई। महाप्रबंधक जीके द्विवेदी ने बताया कि बीएसएनएल ने शुरुआती दौर में जीडीबी ग्रोथ में अहम योगदान दिया। चैंबर में हुए कार्यक्रम में सहायक महाप्रबंधक जगवीर सिंह, उप महाप्रबंधक मनोज शर्मा, कमल सिंह रावत, मनोज शर्मा, नरेंद्र सिंह, नरेश चंद्र शर्मा, तुलसी राम आदि रहे।
उधर, अन्य कर्मचारियों को शास्त्रीनगर, ब्रह्मपुरी, बाउंड्री रोड, मवाना, सरधना, बागपत और बड़ौत आदि बीएसएनएल कार्यालयों में समारोह आयोजित कर विदाई दी गई।