21वीं सदी महिलाओं की होगी: रीता बहुगुणा
मेरठ। पूर्व मंत्री एवं सांसद रीता बहुगुणा जोशी का कहना है कि 20वीं सदी में भारत समृद्ध हुआ है। 21वीं सदी महिलाओं की है। सरकार ने महिलाओं को सम्मान ही नहीं बल्कि आत्म बल भी दिया है। उन्होंने शिक्षक और शिक्षिकाओं को विद्यार्थियों को अच्छी शिक्षा देने की सलाह देते हुए कहा कि कोई भी काम सही विधा से ही करना चाहिए। रीता बहुगुणा शनिवार को एनएएस कॉलेज के सभागार में आयोजित इतिहासविद् प्रोफेसर विमल चन्द पांडे के चित्र के अनावरण एवं स्मृति व्याख्यान कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रही थीं।
उन्होंने कहा कि प्रो. विमल चन्द बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। उनके पूूरे परिवार ने देश की आजादी से लेकर अब तक के समय में अपने-अपने स्तर से समाज को दिशा देने के लिए अभूतपूर्व योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि आज की राजनीति कल का इतिहास बनेगी। नेता ही नहीं बल्कि अधिकारी भी इतिहास बनाते हैं। प्रो. विमल चंद के पुत्र पूर्व मुख्य सचिव उप्र सरकार अनूप चन्द पांडे ने भी पिता के जीवन पर प्रकाश डाला।
इससे पूर्व महाविद्यालय के केन्द्रीय पुस्तकालय में इतिहासविद् प्रो. विमल चन्द पांडे के चित्र का अनावरण सांसद रीता बहुगुणा जोशी, पूर्व मुख्य सचिव उप्र शासन अनूप चन्द्र पांडे ने किया। इसके बाद उन्होंने पुरातन संग्रहालय में रखी पुरातन वस्तुओं का निरीक्षण किया। इस अवसर पर नानक चन्द ट्रस्ट के सचिव एवं पूर्व विधायक राजेन्द्र शर्मा, ट्रस्ट के पूर्व सचिव अमित कुमार शर्मा, डॉ. स्मिता शर्मा, डॉ. संजीव महाजन, प्राचार्य डॉ. वीपी राकेश, डॉ. शिखा चतुर्वेदी, डॉ. नवीन चन्द गुप्ता, डॉ. सीमा शर्मा, पुनीत शर्मा, अभिषेक भाटिया, उपेन्द्र शर्मा आदि मुख्य रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अलका तिवारी ने किया।
।