पीएम पोषण योजना के तहत लखनऊ में सीएम के कार्यक्रम का विकास भवन में दिखाया सीधा प्रसारण
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। पीएम पोषण योजना के तहत परिषदीय विद्यालयों में मिड-डे मिल रसोइयों के लिए रविवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न योजनाओं का शुभारंभ किया। मेरठ के विकास भवन सभागार में कार्यक्रम आयोजित कर मुख्यमंत्री के संबोधन और घोषणाओं का सीधा प्रसारण किया गया। लाभार्थियों को कैशलेस चिकित्सा बीमा कार्ड भी वितरित किए गए।
इस मौके पर प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि जिले के परिषदीय स्कूलों में कार्यरत 2159 मिड-डे मील रसोइयों को दुर्घटना बीमा और कैशलेस इलाज का लाभ मिलेगा। दो हजार के स्थान पर तीन हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। सरकार ने ड्रेस के लिए मिलने वाली वार्षिक धनराशि भी 500 से बढ़ाकर 1000 रुपये कर दी है। दो लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा और रसोइयों के परिवार के लिए पांच लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा बीमा की सुविधा शुरू की गई है। इस मौके पर कैंट विधायक अमित अग्रवाल, एमएलसी अश्वनी त्यागी और एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र भारद्वाज को डीएम डॉ. वीके सिंह ने पुस्तक और पौधा भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशा चौधरी आदि उपस्थित रहे।
रसोइया बोलीं -सरकार ने दूर कर दी चिंता
खानपुर जूनियर हाईस्कूल की रसोइया विमलेश ने कहा कि मानदेय बढ़ने से घर के खर्च में राहत मिलेगी। खानपुर प्राथमिक विद्यालय की रसोइया पुष्पा ने कहा कि दुर्घटना बीमा और चिकित्सा सुविधा से परिवार को आर्थिक मदद भी मिलेगी। गेसूपुर दतावली प्राथमिक विद्यालय की रसोइया पूजा ने कहा कि सरकार ने मानदेय बढ़ाने के साथ परिवार के इलाज की सुविधा देकर परिवार दोनों की चिंता की है। प्राथमिक विद्यालय की रसोइया रीना ने कहा कि पांच लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा बहुत उपयोगी है।