मेरठ से देहरादून के लिए शुरू हुई एसी जनरथ सेवा
- सुबह सात, आठ व नौ बजे रवाना होगी एसी बसे
- मेरठ-दिल्ली-मेरठ-देहरादून रखा गया है बसों का रूट, मेरठ से देहरादून का किराया 281 रुपये
मेरठ। रोडवेज ने गर्मी में यात्रियों को राहत देने के लिए मेरठ-दिल्ली-मेरठ-देहरादून रूट पर एसी जनरथ बस सेवा की शुरूआत कर दी है। बसों को फिलहाल पहले चलने वाली हिमानी एसी बस समय सारिणी अनुसार ही भेजा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि प्रस्तावित समय सारिणी पर ही मुहर लग जाएगी। मेरठ से देहरादून का किराया 281 रुपये रखा गया है। सुबह 7 बजे, 8 बजे और 9 बजे तीन एसी बसे संचालित होंगी।
मेरठ डिपो के प्रभारी एआरएम अंशुल भटनागर एवं एसएसआई देवेंद्र भारद्वाज ने बताया कि मेरठ डिपो ने भारी गर्मी को देखते हुए मेरठ-दिल्ली-मेरठ-देहरादून पर तीन एसी जनरथ बस सेवा संचालित की है। पहली बस मेरठ से सात बजे चलेगी जो 9:30 बजे दिल्ली पहुंचेगी। 10 बजे वहां से चलकर दोपहर 1 बजे मेरठ पहुंचेगी। यहां से दोपहर सवा बजे देहरादून के लिए रवाना होगी जो सवा पांच बजे देहरादून पहुंचेगी। दूसरी बस सुबह 8 बजे और तीसरी बस 9 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगी। ये दोनों बस वापस मेरठ आकर दोपहर 2 बजे और 3 बजे देहरादून के लिए रवाना होगी। ये दोनों बसे शाम सवा छह बजे और सवा सात बजे देहरादून पहुंचेगी। ये समय सारिणी अभी प्रस्तावित है। उत्तराखंड रोडवेज से इस समय सारिणी को ही लागू करने को कहा गया है। उम्मीद है कि यही समय सारिणी मान ली जाएगी। क्योंकि इससे पहले इस रूट पर चल रही हिमानी एसी बस सेवा भी इसी समय सारिणी अनुसार संचालित होती थी।
...............................................................
ये है बसों का किराया
स्थान किलोमीटर किराया
मेरठ-दिल्ली 69 112
दिल्ली-देहरादून 258 389
मेरठ-देहरादून 189 281