अमर उजाला ब्यूरो
दौराला। थाना क्षेत्र के एक गांव में दो समुदाय के युवक-युवती द्वारा कोर्ट मैरिज करने के बाद मंगलवार को बैठक हुई। युवती पक्ष के लोगों ने युवती को सौंपने की मांग की, लेकिन युवक पक्ष के लोगों ने इनकार कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाया, लेकिन बात नहीं बनी। तनाव की स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात की गई है।
दौराला थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक समुदाय की युवती दो दिन पहले लापता हो गई। इस मामले में युवती के परिजनों ने गांव के ही एक युवक और उसके भाई पर युवती को बहला फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। सोमवार को दौराला पुलिस ने युवती को भराला मार्ग से बरामद कर लिया। थाने पर युवती ने अपने प्रेमी के साथ रहने की बात कही। उसने खुद को बालिग बताते हुए कई माह पूर्व की गई कोर्ट मैरिज के कागजात भी पुलिस को दिखाए। इस पर पुलिस ने युवती का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद बयान दर्ज कराए। इसके बाद दोनो को साथ भेज दिया था। इस मामले में मंगलवार को युवती पक्ष के लोगों ने गांव के लोगों के साथ बैठक की। इसमें युवक पक्ष के लोग भी पहुंचे। इस दौरान युवती पक्ष ने दूसरे पक्ष से युवती को सौंपने की मांग की, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। सूचना पर एसओ रितेश कुमार भी पुलिस बल के साथ पहुंचे। दोनों पक्षों के लोगों से बात कर उन्हें समझाया, लेकिन बात नहीं बन सकी। तनाव की स्थिति की देखते हुए गांव में पुलिस तैनात की गई है।