फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रत्याशी का आपराधिक इतिहास है, तो अखबार में कराना होगा प्रकाशित

Sat, 30 Mar 2019 02:27 AM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
विज्ञापन

लोकसभा चुनाव में मेरठ-हापुड़ सीट के प्रत्याशियों को सामान्य प्रेक्षक और व्यय प्रेक्षक ने आयोग की गाइड लाइन को विस्तार से समझाया। सामान्य प्रेक्षक डा. नरेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि आचार संहिता का पालन पूरी गंभीरता से करें, यदि किसी ने भी उल्लंघन किया तो एफआईआर होगी। वहीं व्यय प्रेक्षक अमिताभ भट्टाचार्य ने कहा कि प्रत्याशी दस हजार से ऊपर के भुगतान को नगद नहीं, बल्कि चेक द्वारा ही करें।

विज्ञापन


शुक्रवार को बचत भवन में प्रत्याशियों के साथ आयोजित बैठक में डा. नरेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रत्याशी ऐसा कोई कार्य न करें तथा एक-दूसरे पर ऐसी अभद्र टिप्पणी न करें, जिससे आचार संहिता का उल्लंघन हो। आयोग के निर्देश हैं कि यदि किसी प्रत्याशी का आपराधिक इतिहास है, तो उसे तीन दिन तक मुख्य समाचार पत्रों एवं चैनलों में प्रकाशित कराना तथा उसका साक्ष्य आयोग को उपलब्ध कराना अनिवार्य है। प्रत्याशियों को यदि कोई शंका है तो वह जिला निर्वाचन अधिकारी या उनसे सर्किट हाउस में मिल सकते हैं।


व्यय प्रेक्षक अमिताभ भट्टाचार्य ने बताया कि प्रत्येक प्रत्याशी द्वारा नया बैंक खाता खोलना अनिवार्य है। उसके माध्यम से ही चुनाव संबंधी व्यय किया जाए। हर प्रत्याशी अनुमति उपरांत ही प्रचार करे। ध्यान रखें कि उनके द्वारा मुद्रित करायी जाने वाली हर प्रचार सामग्री पर प्रिंट लाइन एवं उसकी मात्रा अवश्य अंकित हो।

विज्ञापन
विज्ञापन

उन्होंने प्रत्याशियों से कहा कि ईवीएम के रेंडोमाइजेशन के समय स्वयं आएं या अपने प्रतिनिधि को भेजें, ताकि हर शंका का निराकरण हो सके। आयोग द्वारा निर्वाचन के दौरान व्यय की अधिकतम सीमा 70 लाख रुपये है, जिसके अनुरूप वह हर खर्चे को वाउचर सहित उपलब्ध करायी गयी व्यय पंजिका में नियमित अंकित करें। मुख्य कोषागार कार्यालय में निर्धारित व्यय टीम से रजिस्टर का तीन बार (01, 05 व 09 अप्रैल 2019 को) अवलोकन अवश्य कराएं।

बैठक में जिलाधिकारी अनिल ढींगरा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रामचंद्र, वित्त सुभाष चंद्र प्रजापति, सिटी मजिस्ट्रेट संजय पांडेय, मुख्य कोषाधिकारी मनोज कुमार सहित प्रत्याशियों में बहुजन मुक्ति पार्टी से मौ. अफजाल, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) से डा. नासिर अली, शिवसेना से आरती अग्रवाल, अखिल भारतीय हिंदू महासभा से श्रवण कुमार अग्रवाल, भारतीय जनता दल से धर्मेंद्र कुमार, कांग्रेस प्रतिनिधि हरि कृष्ण आंबेडकर, बसपा से इमरान कुरैशी आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें