- कमिश्नरी पार्क में भाजपाइयों-सपाइयों-कांग्रेसियों में हुई धक्कामुक्की
- चौकीदार चोर है और टोंटी चोर के नारों पर बढ़ा विवाद
- एक न्यूज चैनल की लाइव डिबेट में हुआ पुलिस के सामने बखेड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। कमिश्नरी चौराहे पर स्थित चौधरी चरण सिंह पार्क में एक निजी न्यूज चैनल की लाइव डिबेट में भाजपा, सपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। पुलिस की मौजूदगी में जमकर धक्कामुक्की हुई। एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकी गईं। खूब बखेड़ा हुआ। बाद में पुलिस ने किसी तरह मामला शांत किया।
लाइव डिबेट में भाजपा से प्रदेश प्रवक्ता चंद्रमोहन, कांग्रेस से पूर्व प्रदेश महामंत्री सतीश शर्मा और सपा से प्रदेश प्रवक्ता डॉली मिश्रा एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर थे। इनके अलावा तीनों ही पार्टी के कार्यकर्ता वहां काफी संख्या में मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि डिबेट के दौरान सपा और कांग्रेसी कार्यकर्ता कहने लगे कि भाजपा सरकार ने कोई विकास नहीं किया है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री के लिए ‘चौकीदार चोर है’ के नारे लगाए। इस पर भाजपाई भी भड़क गए। उन्होंने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के लिए ‘टोंटी चोर है’ नारे लगाए।
विवाद बढ़ता चला गया। टीवी न्यूज एंकर और पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। लेकिन हंगामा इस कदर बढ़ गया कि तीनों ही दलों के कार्यकर्ता एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकने लगे और धक्का-मुक्की करने लगे। वहां मौजूद पुलिस बल ने बखेड़े को रोकने का प्रयास किया। लेकिन स्थिति बिगड़ती देख कई थानों का पुलिस बल बुलाया गया। डिबेट भी बीच में ही खत्म करनी पड़ी। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत किया। बाद में भी तीनों दलों के नेता और कार्यकर्ता एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे। गौरतलब है कि इससे पहले बागपत में भी न्यूज चैनल की डिबेट में इसी तरह बखेड़ा हुआ था।