अमर उजाला ब्यूरो
मवाना। नगर पालिका के वाहनों का डीजल निजी वाहनों में उपयोग करने के मामले में दोनों ही पक्ष अपने-अपने हाथ पीछे खींचते नजर आ रहे हैं। जहां जांच के नाम पर पालिका अपने कर्मचारी का दोष नहीं बता रही है। वहीं, तेल चोरी का आरोप लगाने वाले बाहरी लोग शुक्रवार को इस मामले से अलग रहे। उन्होंने इस बाबत शिकायत नहीं की है।
बताते चलें कि नगर के कुछ बाहरी लोगों ने नगर पालिका के डीजल को निजी वाहनों में उपयोग करने के लिए एक सफाई कर्मचारी राजपत यादव पर चोरी करने का आरोप लगाया था। जिसके बाद कर्मचारी ने चेयरमैन अय्यूब कालिया व पूर्व ईओ हेमराज के वाहनों में डीजल का उपयोग करने का खुलासा किया था। इसके बाद बाहरी लोगों ने मामले की शिकायत अधिकारियों से करने की बात कही थी। वहीं, एक सप्ताह तक इस मामले को दबाए रखने पर बाहरी लोगों पर भी उंगली उठी थी। जहां नगर पालिका ने 5300 लीटर डीजल प्रतिमाह में उपयोग करने की बात कही है। वहीं, दूसरे चेयरमैन के कार्यकाल में यह सीमा काफी कम बताई जा रही थी। इस मामले में शुक्रवार को चेयरमैन अय्यूब कालिया ने रिकार्ड खंगाले और कहा कि उनके यहां कोई चोरी नहीं हो रही है। वाहनों के बढ़ने एवं स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए उनके यहां से जेसीबी कई बार बागपत भेजी गई, जिस कारण डीजल की खपत बढ़ी। उनके सफाई कर्मचारी को दबाव में लेकर झूठा बयान दिलाया गया। पालिका में किसी तरह की चोरी डीजल की नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि उनकी जांच में सब कुछ ठीक पाया गया है। वहीं, शुक्रवार को बाहरी लोगों की चुप्पी और अधिकारियों से शिकायत न करना भी बड़ा सवाल बना। आखिर क्या वजह रही, जो बाहरी लोग एकाएक बैकफुट पर चले गए। बृहस्पतिवार तक जो लोग मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से करने की बात कह रहे थे। वे शिकायत करने नहीं पहुंचे। पूर्व में ही एक सप्ताह तक इस मामले को दबाए रखने को लेकर उन पर लोग सवाल खड़े कर रहे थे। अधिकारियों से शिकायत नहीं करके चुपचाप कर्मचारी को गाड़ी में ले जाकर उन्होंने लोगों को सवाल करने पर मजबूर कर दिया। मामला कुछ भी हो, लेकिन पालिका में तेल के खेल को अब दोनों ओर से दबाया जा रहा है। जिस कारण इस मामले को 24 घंटे बीतने के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इस बाबत चेयरमैन मौ. अय्यूब कालिया का कहना है कि आरोप गलत थे, उन्होंने रिकार्ड की जांच की सब कुछ ठीक पाया है। यदि ऐसा मामला था तो आरोप लगाने वालों को शिकायत करनी चाहिए थी।
मुख्य बातें
नगर पालिका में तेल चोरी प्रकरण में किसी भी पक्ष ने नहीं की शिकायत
इस रवैये से लोग उठा रहे हैं उंगली