मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार करेगा माध्यमिक शिक्षक संघ
- नौ सूत्रीय मांगों को लेकर कर रहे हैं विरोध
- एसएसडी ब्वायज इंटर कॉलेज में हुई बैठक में लिया निर्णय
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ जिला कार्यकारिणी की बैठक सोमवार को एसएसडी ब्वायज इंटर कॉलेज लालकुर्ती में हुई। इसमें निर्णय लिया गया कि शिक्षण संघ नौ सूत्रीय मांगों को लेकर माध्यमिक शिक्षा परिषद के मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार करेगा।
बैठक में बताया गया कि मूल्यांकन कार्य बहिष्कार केसंबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक को भी अवगत करा दिया गया है। उनकी मांगें हैं कि पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया जाए। सीटीएलटी विसंगति को समाप्त किया जाए। इसके अलावा माध्यमिक शिक्षा परिषद के मूल्यांकन निरीक्षण आदि पारिश्रमिकों को सीबीएसई के बराबर करना और प्रोन्नति में स्नात्तोकोतर उपाधि की बाध्यता को समाप्त करना आदि भी शामिल हैं। इस संबंध में समन्वय समिति का गठन किया गया है। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मनोज सिन्धू तथा संचालन शरद बालियान ने किया। देवेंद्र कुमार, मीनाक्षी दबथुवा, जीत नारायण भारती, ओमवीर नागर, सुभाष चंद, संतोष कुमार, अशोक कुमार, डॉ. रोहताश कुमार, आदि उपस्थित रहे।