यूपी बोर्ड परीक्षाएं खत्म, झूमे छात्र-छात्राएं
- शनिवार को अंग्रेजी विषय का पेपर अंतिम रहा
मवाना। इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं की शनिवार को बोर्ड परीक्षा समाप्त हो गई। शनिवार को अंग्रेजी विषय की कठिन परीक्षा देकर लौटे छात्र-छात्राओं ने राहत की सांस ली।
नगर के कृषक इंटर कॉलेज, एएस इंटर कॉलेज, नवजीवन इंटर कॉलेज, महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा को लेकर केंद्र बनाया गया था। कृषक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार ने बताया कि हाईस्कूल की परीक्षा पहले ही समाप्त हो चुकी है। शनिवार को इंटर के छात्र-छात्राओं का भी आखिर पेपर था। बारिश के बीच परीक्षार्थी अंग्रेजी की परीक्षा देने पहुंचे। कुछ छात्रों के मुताबिक अंग्रेजी की परीक्षा थोड़ी कठिन रही। इस बार बोर्ड परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हुई और नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए शिक्षक-शिक्षिका पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिए। मवाना में बनाए गए केंद्रों पर कोई भी परीक्षार्थी नकल करते हुए नहीं पकड़ा गया।
-----------------
दिनभर हुई बारिश, ठंड बढ़ी
मवाना। शनिवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी होती रही। ठंडी हवा से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दिन में धूप नहीं निकली। बारिश के चलते लोग घरों में कैद रहे, वहीं व्यापार भी ग्राहकों की बाट टोहते रहे।
मौसम वैज्ञानिकों के पूर्वानुमान के मुताबिक शनिवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी होती रही। दिनभर धूप के दर्शन लोगों को नसीब नहीं हुए। ठंड से बचने के लिए बच्चे व बड़े घरों में रहे। कृषि वैज्ञानिक डा. अनंत का कहना है कि हल्की बूंदाबांदी सरसों व गेहूं की फसल के लिए काफी लाभकारी है। क्योंकि दोनों ही फसल पकने की कगार पर है और इस बारिश से उत्पादन बढ़ेगा। यदि तेज हवाओं के साथ तेज बारिश होती है तो किसानों को नुकसान की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता।