पुलवामा आतंकी हमले पर पूर्व सैनिक अधिकारियों, सैनिकों ने विचार रखे
मेरठ। पुलवामा हमले में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि तभी मिलेगी, जब पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया जाए। खराब मौसम और बर्फबारी के कारण भी यह धोखा किया गया। हालांकि, इस हमले पर सरकार को देर नहीं करनी चाहिए। उन्हें मुंहतोड़ जवाब देना होगा।
इस हमले पर पूर्व सैनिक अधिकारी और सैनिकों ने विचार रखे। पूर्व सैनिक संगठन अध्यक्ष मेजर राजपाल सिंह ने कहा कि पाकिस्तान का कायरतापूर्ण चेहरा सामने आया है। हम इस बार चुप नहीं बैठेंगे। हर बार की तरह इस बार भी आतंकियों ने मौका देखकर हमला किया है। सरकार को इस मामले में इस बार देर नहीं करनी चाहिए। कठोर फैसले लेते हुए मुंहतोड़ जवाब देना होगा। जाट रेजीमेंट से वर्ष 1997 से सेवानिवृत्त ओमबीर सिंह ने कहा कि यह सैनिकों पर नहीं हमारे देश पर हमला हुआ है। सब लोगों को एकजुट होकर पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देना होगा। हर बार की तरह चुप नहीं बैठना होगा।
शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने लोकसभा क्षेत्र प्रभारी अनामिका अंबर के नेतृत्व में बेगमपुल चौराहे पर कैंडल मार्च कर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। अनामिका अंबर ने आतंकी घटना की कड़ी निंदा करते हुए सरकार से इसका बदला लेने की मांग की है। इस मौके पर अरुण पाल, जीतू नागपाल, अज्जू पंडित, जीशान अहमद, विजय सिंह, इरफान कुरैशी, तबरेज चौहान, अजीम शेख आदि मौजूद रहे।
छात्रों ने निकाला कैंडल मार्च
सीसीएसयू कैंपस के छात्रों ने अक्षय गुर्जर खानपुर के नेतृत्व में कैंडल मार्च निकालकर वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी। शहीदों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। कैंपस में भारत माता की जय, हिंदुस्तान जिंदाबाद, जब तक सूरज चांद रहेगा वीर शहीदों तुम्हारा नाम रहेगा के नारे गूंजने लगे। छात्रों ने कहा कि सरकार खून का बदला खून से ले। हमें फिर सर्जिकल स्ट्राइक चाहिए। विशाल गंगवार, मोहित पंडित, अविनाश तिवारी, यूसुफ, अनिकेत, पुररू प्रताप, रितिक जिंदल, पंकज यादव, अरविंद जाटव आदि मौजूद रहे।
भाजयुमो ने की शोकसभा
मोदीपुरम। भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने पल्लवपुरम में कैंडल मार्च निकाला और शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। पल्लवपुरम फेज दो में आयोजित शोक सभा में मोर्चा जिलाध्यक्ष अंकुर मुखिया ने कहा कि कायर आतंकवादियों को इसका कड़ा जवाब दिया जाएगा। घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ व हमले से शहीद जवानों की आत्मा को शांति और परिजनों को धैर्य प्रदान करें। जिला मंत्री हितेश पाल, पवन शर्मा, वासु जैन, राजा, लक्ष्य शर्मा, अभिनव आदि मौजूद रहे।