मेरठ। विक्टोरिया पार्क अग्निकांड मामले में मुआवजे को लेकर चल रही सुनवाई अब 20 फरवरी को होगी। सुप्रीम कोर्ट में चल रही इस सुनवाई में बेंच के न्यायाधीश बदलने के कारण मंगलवार को काफी लंबे समय बाद सुनवाई की तारीख लगी थी। लेकिन न्यायाधीशों ने पूरा केस स्टडी करते हुए आठ दिन बाद की सुनवाई की तिथि नियत की है।
विक्टोरिया पार्क अग्निकांड आहत कल्याण समिति द्वारा पीड़ितों के मुआवजे को लेकर सुप्रीम कोर्ट में वाद दायर किया हुआ है। समिति द्वारा प्रत्येक मृतक के परिजनों को 20-20 लाख रुपये मुआवजे की मांग रखी गई है। जबकि इस मामले में केंद्र सरकार जहां घटना के बाद ही एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता मृतकों के परिजनों को दी चुकी है, तो प्रदेश सरकार की तरफ से दो किश्तों में अब तक 7-7 लाख रुपये दिये जा चुके हैं। केंद्र सरकार से प्राप्त धनराशि को मुआवजा राशि में शामिल नहीं माना गया है। ऐसे मेें बाकी की धनराशि को लेकर पिछले करीब 13 वर्षों से सुनवाई चल रही है। मंगलवार को विक्टोरिया पार्क अग्निकांड आहत कल्याण समिति की तरफ से अपूर्व गुप्ता और नरेश तायल मौजूद रहे। जबकि विक्टोरिया पार्क में मेला लगाने वाले तीन आयोजकों में से एक लखन तोमर मौजूद रहे। लेकिन जिला प्रशासन की तरफ से कोई प्रतिनिधि मौजूद नहीं था। विक्टोरिया पार्क अग्निकांड आहत कल्याण समिति के सचिव संजय गुप्ता ने बताया कि न्यायालय से मामले का शीघ्र निस्तारण करने की मांग की गई है।
- बेंच बदलने के कारण मंगलवार को दी गई अगली तारीख