इनामी ने पुलिस की गाड़ी को टक्कर मारकर बरसाईं गोलियां, गिरफ्तार
फोटो
मवाना में पुलिस और बदमाशों में हुई मुठभेड़
पुलिस की गोली से घायल हुआ 15 हजार का इनामी
फरार बदमाश की तलाश में आधा घंटे तक जंगल में की कांबिंग
मवाना/मेरठ। मवाना में शनिवार देर रात बदमाशों और पुलिस में मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने जैसे ही टाटा पिकअप गाड़ी को रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने साइड मारकर पुलिस की गाड़ी को पलटने की कोशिश की। इस दौरान दोनों बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और गाड़ी दौड़ा दी। पुलिस ने करीब तीन सौ मीटर तक पीछा किया। इस दौरान एक बदमाश जंगल में फरार हो गया। जबकि 15 हजार का इनामी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घटना की सूचना पाकर एसपी देहात फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी ली।
एसपी देहात राजेश कुमार के अनुसार, बहसूमा-फलावदा रोड पर पुलिस को पिकअप गाड़ी में दो बदमाशों को आने की जानकारी मिली। चेकिंग कर रहे मवाना इंस्पेक्टर मनीष बिष्ट ने बदमाशों का पीछा किया। बदमाशों ने पुलिस की गाड़ी में साइड मार दी। जिससे पुलिस की गाड़ी पलटने से बमुश्किल बची। वहीं, बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। दोनों बदमाश पिकअप गाड़ी लेकर भाग निकले। इसके बाद दोनों बदमाश गाड़ी छोड़कर पैदल ही जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश को टांग में गोली लग गई। हालांकि दूसरा बदमाश मौके से फरार हो गया। इंस्पेक्टर मवाना मनीष बिष्ट ने बताया कि घायल बदमाश मवाना के काबली गेट निवासी शराफत पुत्र अशरफ है। शराफत 15 हजार का इनामी है। उसके खिलाफ 23 मुकदमे अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। बदमाश से तमंचा व कारतूस मिले हैं। पुलिस ने पिकअप गाड़ी बरामद की है। उसमें चोरी की दो बाइक भी मिली हैं।
इनामी बदमाश की काफी दिन से तलाश चल रही थी। जबकि उसका फरार साथी योगेश निवासी अगवानपुर है। मुठभेड़ में घायल बदमाश शराफत को अस्पताल में भर्ती कराया है। पूछताछ में शराफत ने बताया कि वह वाहन चोरी के बाद कबाड़ियों को बेचता है। शराफ त लिसाड़ीगेट के रसीदनगर में किराए पर रह रहा है।