फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बेअसर रहा कांग्रेस का भारत बंद, प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसी गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
मेरठ। पेट्रोल, डीजल और गैस के बढ़ते दामों पर केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस का भारत बंद शहर में बेअसर रहा। सोमवार को साप्ताहिक बंदी होने के बावजूद कांग्रेस बाजार बंद कराने में असफल रही। कमिश्नरी पार्क से प्रदर्शन करने बेगमपुल कूच कर रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान कांग्रेसियों से पुलिस की तीखी झड़प भी हुई। पुलिस पकड़े गए कांग्रेसियों को बसों के जरिये पुलिस लाइन ले गई और शाम तक वहीं बैठाए रखा। हालांकि इससे पहले कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार का पुतला फूंका था। जिला प्रशासन ने 470 लोगों की गिरफ्तारी दिखाई है। करीब चार घंटे बाद सभी को छोड़ दिया गया।
विज्ञापन

सोमवार को कांग्रेस ने महंगाई को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ भारत बंद का आह्वान किया था। जिला व महानगर कांग्रेस के अलावा सेवा दल व तमाम फ्रंटल संगठन के नेता और कार्यकर्ता पूर्वाह्न करीब साढ़े ग्यारह बजे कमिश्नरी पार्क पर पहुंच गए और मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने पहले से ही भारी पुलिस बल तैनात कर रखा था। नेताओं ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और गैस के दाम बढ़ने से देश में त्राहिमाम मचा हुआ है। रुपया जमींदोज हो चुका है और मोदी सरकार कुंभकरणी नींद सो रही है। कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार का पुतला दहन कर दिया। जिलाध्यक्ष विनोद मोघा और महानगर अध्यक्ष कृष्ण कुमार किशनी ने बेगमपुल पर मानव शृंखला बनाने का आह्वान करते हुए कूच करने का एलान किया तो पुलिस अलर्ट हो गई। पुलिस ने नेताओं और कार्यकर्ताओं को बैरियर लगाकर पकड़ना शुरू किया तो कार्यकर्ता भड़क गए और धक्का मुक्की शुरू हो गई। गुस्साए कांग्रेसी सड़क पर ही धरना देकर बैठ गए और गिरफ्तार करने की मांग पर अड़ गए। काफी जद्दोजहद के बाद पुलिस ने कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर रोडवेज बसों द्वारा पुलिस लाइन भिजवाया। जिला प्रशासन ने 470 लोगों के गिरफ्तार करने की घोषणा की।
इस मौके पर पूर्व विधायक पंडित जयनारायण शर्मा, शबी खान, चौधरी यशपाल सिंह, डॉ. यूसुफ कुरैशी, मनोज त्यागी, रोहित गुर्जर, अभिमन्यु, युगांश राणा, अखिल कौशिक, हरिकिशन आंबेडकर, अवनीश काजला, मोनिंदर सूद, संजय गोयल, रिकिन अहलूवालिया, सलीमुद्दीन शाह, सविता सोमानी, राहिला बेगम, अशोक भारती, अनिल शर्मा, योगी जाटव, अरुण कुमार, अनिरुद्ध त्यागी, शमसुद्दीन, मोहिनुद्दीन गुड्डू, नवीन गुर्जर, अमित गुप्ता, रिजवान त्यागी, एसके शाहरुख, आशु, समीर, मतीन अंसारी, हेमचंद ठेकेदार, मतन सिंह डेढ़ा, डॉ. प्रदीप अरोड़ा, राज केसरी, धूम सिंह, सतीश शर्मा, गौरव भाटी, नफीसा शेख, इरशाद पहलवान, अकरम, प्रमोद शर्मा, सुनील वालिया, अशोक गर्ग, नफीस सैफी आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन


बाजार रहे बंद से बेअसर
कांग्रेस नेताओं ने प्रचार वाहन के जरिये व्यापारियों से भारत बंद में समर्थन मांगा था। लेकिन इसका असर बाजारों में नहीं देखा गया। सोमवार को बंद रहने वाला आबूलेन बाजार भी खुला रहा। इसके अलावा बेगमपुल, सदर बाजार, सोतीगंज, पीएल शर्मा रोड, दिल्ली रोड, घंटाघर, सेंट्रल मार्केट, जागृति विहार, गढ़ रोड आदि बाजार अन्य दिनों की भांति खुले रहे।

प्राइवेट बसे रहीं बंद
प्राइवेट बस ऑपरेटरों ने भारत बंद के समर्थन में बसों का संचालन बंद रखा। मेरठ-मवाना-मीरापुर रूट के अलावा किला परीक्षितगढ़ रूट की बसें पूरी तरह बंद रहीं। बसों के बंद रहने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं डग्गामार वाहनों की चांदी हो गई। इंचौली तक चलने वाले टेंपो ने छोटे मवाना तक का सफर किया। यही हाल परीक्षितगढ़ रूट का भी रहा। बस यूनियन अध्यक्ष हाजी इलियास ने बताया कि महंगे डीजल से बसों का चलना दूभर हो गया है। किराया बढ़ाने की नौबत आ रही है। महंगे डीजल के चलते लोगों को महंगे सफर से परेशानी होगी। महंगाई के खिलाफ बस ऑपरेटरों ने भी अपना विरोध प्रदर्शन किया।

जनसंपर्क से रोकने पर हुआ खूब हंगामा
मेरठ। कांग्रेसियों ने कमिश्नरी चौराहे पर जुटने की घोषणा की थी। लिहाजा यहां सीओ सिविल लाइन के अलावा पुलिस और आरएएफ भी तैनात कर दी गई थी। कांग्रेसियों ने पीएल शर्मा रोड पर खुली दुकानें बंद कराने के लिए वहां जाने का प्रयास किया, लेकिन एसपी सिटी रणविजय सिंह और एडीएम ने रोक दिया। इस पर कांग्रेसियों ने नारेबाजी कर हंगामा कर दिया। वहीं कुछ देर बाद पुलिस को सूचना मिली कि सपा कार्यकर्ता तहसील पर धरना प्रदर्शन करने पहुंच रहे हैं, इस पर कोतवाली और देहली गेट पुलिस को वहां लगा दिया गया। दोपहर में रालोद कार्यकर्ताओं द्वारा नारेबाजी करने की और बेगमपुल की ओर जाने की सूचना मिली तो एसपी सिटी और सिटी मजिस्ट्रेट शैलेंद्र कुमार वहां दौडे़ लेकिन सब कुछ निपट चुका था। उधर, बंद के दौरान शहर के हालातों को लेकर एलआईयू भी शहर में रही। कमिश्नरी चौराहे समेत कई स्थानों पर टीम के सदस्य नजर रखे हुए थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें