अनियंत्रित कार गंगनहर में गिरी, जीजा-साले की मौत
मोदीनगर। निवाड़ी थाना क्षेत्र के सौंदा पुल के निकट रविवार दोपहर एक कार अनियंत्रित होकर गंगनहर में गिर गई। कार में पांच लोग सवार थे। जिन्हें घंटों बाद नहर से निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो को मृत घोषित कर दिया। दो महिलाओं समेत तीन की हालत गंभीर है।
मूलरूप से मुजफ्फरनगर निवासी हबीब (55) पुत्र सरफुद्दीन अपने साले महताब (45) पुत्र मुमताज अहमद निवासी मुरादाबाद, पत्नी परवीन, बेटी हिना व दामाद रफीक निवासी मालवीयनगर दिल्ली के साथ मीरापुर निवासी रिश्तेदार को देखने जा रहे थे। दोपहर को वह जैसे ही निवाड़ी थाना क्षेत्र के सौंदा पुल के निकट पहुंचे, कार अनियंत्रित हो गई और गंगनहर में गिर गई। लोगों ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। आसपास के लोगों और पुलिस की मदद से सभी को घंटों बाद निकाला जा सका। सभी को नजदीक के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हबीब और महताब को मृत घोषित कर दिया। वहीं परवीन, हिना और रफीक का उपचार चल रहा है। निवाड़ी थाना प्रभारी निरीक्षक रवेंद्र सिंह ने बताया कि दोनोें शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।