मेरठ। प्रधानमंत्री आवासीय योजना के तहत एमडीए इनर रिंग रोड के पास सरायकाजी की जमीन पर चार मंजिला 576 फ्लैट बनाएगा। जमीन पर कब्जे को लेकर बृहस्पतिवार दोपहर एमडीए की टीम फोर्स के साथ मौके पर पहुंची। इस दौरान किसानों ने हंगामा करते हुए कहा कि जमीन का मामला हाईकोर्ट में चल रहा है। बाद में एमडीए की टीम ने जेसीबी से काम शुरू करवा दिया।
एसीएम सिविल लाइन राकेश कुमार, एमडीए के चीफ इंजीनियर दुर्गेश श्रीवास्तव, अधीक्षण अभियंता ईपी सिंह, योजना प्रभारी राजीव कुमार सिंह, एई आरके गुप्ता, अनुज सिंह व एसओ मेडिकल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एमडीए के अधिकारियों ने जेसीबी से जमीन पर कब्जा करना शुरू कर रास्ता भी बना दिया। इस दौरान सरायकाजी के किसानों ने एमडीए अधिकारियों के सामने हंगामा कर दिया। किसानों ने कहा कि सीलिंग की जमीन है। इस जमीन का उन्हें पैसा नहीं दिया गया है। जबकि यह मामला हाईकोर्ट में भी चल रहा है।
एमडीए अधिकारियों ने किसानों से कहा कि जमीन एमडीए की है और यह मामला प्रशासन को पहले ही बता दिया गया था। जमीन खाली पड़ी थी तो इसलिए किसानों ने खेतों में ज्वार की बुवाई कर दी। अफसरों ने कहा कि जमीन या तो किसान खाली कर दें नहीं तो जेसीबी से खत्म कर दिया जाएगा। इस दौरान कुछ किसानों ने कहा कि फसल नष्ट न की जाए, वह काट लेंगे। एमडीए टीम ने एक नहीं सुनी और बाउंड्री के लिए भी मिट्टी का काम शुरू करा दिया। किसानों ने कहा कि यह मामला हाईकोर्ट में चल रहा है। अधिकारियों ने कहा कि जो भी हाईकोर्ट का आदेश है, उसके कागजात किसान दिखा दें। हाईकोर्ट का आदेश माननीय होगा। एसओ मेडिकल ने बताया कि मौके पर पुलिस तैनात है। यदि निर्माण कार्य रोकने की कोशिश की तो पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी।