मेरठ। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के चलते एक और तीन अगस्त से शहर के पब्लिक स्कूलों में अवकाश शुरू हो जाएगा। नौ अगस्त को शिवरात्रि पर मुख्य जलाभिषेक होगा। 10 अगस्त से सभी पब्लिक स्कूल खुलेंगे।
सहोदय के अनुसार शहर में हाईवे पर स्थित पब्लिक स्कूलों में एक अगस्त से नौ अगस्त तक अवकाश घोषित किए जाएंगे। जबकि शहर के अंदर स्थित पब्लिक स्कूलों में तीन अगस्त से नौ अगस्त तक कांवड़ यात्रा की छुट्टी रहेगी। नौ अगस्त को शिवरात्रि का जल चढ़ने के बाद ही स्कूल खुलेंगे। वहीं, स्कूलों में अभी से कांवड़ यात्रा के अवकाश के दौरान विद्यार्थियों को क्या होमवर्क देना है, प्रोजेक्ट वर्क क्या देने हैं इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। 31 जुलाई तक कक्षाएं होंगी। एक अगस्त से अवकाश रहेगा।
टूर बुकिंग भी शुरू
उधर, कांवड़ यात्रा के एक सप्ताह के अवकाश में परिवार सहित घूमने क ी योजना शिक्षकों और प्राचार्यों ने बनानी शुरू कर दी है। यही वक्त होता है जबकि शिक्षक परिवार के साथ एक सप्ताह के लिए घूमने जा सकते हैं। टूर बुकिंग शुरूहो गई। कुछ ने बंगलूरू, गोवा, मुंबई, वैष्णो देवी, राजस्थान, दक्षिण भारत जाने की योजना बनाई है, तो कुछ ने मलयेशिया, थाईलैंड का टूर भी बुक कराया है।
यह वृहद आयोजन
सहोदय सचिव राहुल केसरवानी का कहना है कि कांवड़ यात्रा मेरठ के लिए एक वृहद आयोजन है। इस दौरान यातायात बंद हो जाता है। रास्ते भी बंद हो जाते हैं। काफी संख्या में कांवड़िये जल लेने हरिद्वार जाते हैं। इसलिए स्कूली बसें भी सड़कों से नहीं निकल पातीं। शिवरात्रि से एक सप्ताह पहले स्कूल बंद हो जाते हैं। पहले हाईवे के स्कूल बंद होंगे, फिर शहर के अंदर के स्कूल बंद होंगे।