पुलिस की छूट से दौड़ रहे भारी वाहन
मेरठ। रात में जैसे ही भारी वाहनों के लिए एंट्री खुलती है तो पुलिस की छूट के चलते हल्की सड़कों पर भारी वाहन दौड़ने लगते हैं। शहर में रात में पुलिस की ड्यूटी भी लगाई जाती है, लेकिन उसके बाद भी भारी वाहनों को रोकने के लिए पूरा सिस्टम ही चुप्पी साधे हुए है।
शहर के अंदर की अधिकांश सड़कें 35 से 40 फीट चौड़ी हैं। इन सड़कों पर भारी वाहन प्रतिबंधित हैं। लेकिन इन सड़कों पर भारी वाहन रात में अवैध तरीके से दौड़ रहे हैं। पीडब्लूडी के मानक के अनुसार भारी वाहनों के लिए 50 से 60 फीट चौड़ी सड़कें बनाई जाती हैं। भारी वाहनाें के लिए सड़कों को बनाते समय मोटी कंकरीट की परत डाली जाती है। इससे कम चौड़े मार्ग पर हल्की कंकरीट की परत डाली जाती है। इसलिए इन सड़कों पर जब भारी वाहन गुजरते हैं तो ये सड़क समय से पहले ही टूट जाती हैं।
नहीं है कोई प्लान
दिन में सुबह सात बजे से रात्रि नौ बजे तक शहर में ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी रहती है। नौ बजे के बाद थाना पुलिस की जिम्मेदारी रहती है। लेकिन रात के लिए पुलिस की ड्यूटी का कोई प्लान ही नहीं है। सिविल लाइन, लालकुर्ती, लिसाड़ीगेट, ब्रह्मपुरी, देहलीगेट, थाना क्षेत्रों की सीमा से निकलकर रात भर भारी वाहन दौड़ते हैं।
प्रतिबंधित मार्ग से निकलते हैं भारी वाहन
दिल्ली रोड से भूमिया का पुल होते हुए हापुड़ अड्डा चौराहे से गढ़ रोड और हापुड़ रोड पर भारी वाहन निकलते हैं।
दिल्ली रोड से घंटाघर, खैरनगर, बच्चा पार्क चौराहा, वेस्टर्न रोड होकर कचहरी पुल से एसएसपी आवास के रास्ते बाउंड्री रोड पर निकलते हैं।
बाउंड्री रोड पर साईं मंदिर से कमिश्नरी कार्यालय से एसपी सिटी आवास से होकर डीएम आवास और ईस्टर्न कचहरी रोड से ईव्ज चौराहा पहुंचते हैं।
बेगमपुल से नाला रोड होते हुए कचहरी पुल से एसएसपी आवास की तरफ भी वाहन आते हैं।
साकेत विवि रोड से धनवंतरी अस्पताल के रास्ते स्टेडियम के सामने से कचहरी पुल के रास्ते हुए आते जाते हैं।
यह है भारी वाहनों का मार्ग
दिल्ली-गाजियाबाद की तरफ से आने वाले भारी वाहन रात में दिल्ली रोड से बेगमपुल, बेगमपुल से जीरो माइल, जीरो माइल से रुड़की रोड, जीरो माइल से बाउंड्री रोड और कमिश्नरी आवास चौराहे से भारी वाहनों का मुख्य रूट है। गढ़ रोड और हापुड़ की तरफ से आने वाले भारी वाहन हापुड़ अड्डा चौराहे से बेगमपुल के रास्ते दिल्ली रोड और जीरो माइल से ही मुख्य रूट है।