पटेल मंडप में सात अप्रैल को होगी माता की चौकी
मेरठ। नौचंदी मेले का उद्घाटन हुए बीस दिन से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक मेला परिसर में तैयारियां पूरी नहीं हो पाई हैं। अभी दुकानदारों की संख्या भी काफी कम है। पूरी तरह मेला परिसर तैयारियों से दूर है। बुधवार को नगरायुक्त ने अधिकारियों के साथ बैठक करके आगामी सात अप्रैल को नौचंदी मेला स्थित पटेल मंडप में माता की चौकी कराने पर मंथन किया। हालांकि कार्यक्रम पर अंतिम निर्णय महापौर की मुहर के बाद ही होगा। आज नगर निगम के अधिकारी महापौर के साथ नौचंदी को लेकर बैठक करेंगे।
नौचंदी मेला पश्चिम उप्र का एतिहासिक मेला है। मेले की समस्त जिम्मेदारी नगर निगम के पास है। हालांकि मेले की सुरक्षा आदि के लिए नगर निगम को जिला प्रशासन से अनुमति लेनी होगी। जिसको लेकर नगर निगम प्रशासन ने अभी तक जिला प्रशासन को पत्र भी नहीं भेजा है। बुधवार को नगरायुक्त मनोज कुमार चौहान ने निगम के सभी अधिकारियों के साथ बैठक करके नौचंदी मेले की तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही आगामी सात अप्रैल को पटेल मंडप में माता की चौकी का आयोजन करके मेले की शुरूआत करने पर आपसी सहमति हुई। नगरायुक्त मनोज कुमार का कहना है कि मेले को भव्य बनाया जाएगा। पटेल मंडप में होने वाले कार्यक्रमों के निर्धारण के लिए महापौर के साथ बैठक करेंगे।
खास बातें:
नौचंदी मेले को निगम ने नहीं ली जिला प्रशासन से अनुमति
नगर निगम अधिकारी आज करेंगे महापौर के साथ मेले को लेकर मंथन