नोट: फोटो ई के पीएच के मेरठ फोल्डर में रोडवेज बस नाम से सेव है
बस का स्टेयरिंग फेल, चालक ने बचाया हादसा
बिजनौर जाते समय गांव मसूरी के पास फेल हुआ मेरठ डिपो की बस का स्टेयरिंग
चालक ने पेड़ से टक्कर होने से बचाई बस, एआरएम करेंगे सम्मानित
मेरठ।
मेरठ से बिजनौर जा रही रोडवेज बस का स्टेयरिंग फेल होने से यात्रियों की चीख निकल गई। गनीमत रही कि चालक ने सूझबूझ से बस को किसी तरह नियंत्रित कर लिया। बस सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकराने से बच गई। एआरएम ने चालक को सम्मानित करने की बात कही है।
बुधवार को मेरठ डिपो की दिल्ली-मेरठ-बिजनौर रूट पर चलने वाली बस संख्या यूपी-15 एटी-8472 मेरठ से बिजनौर जा रही थी। बस में करीब 50 यात्री थे। शाम करीब साढ़े तीन बजे बस मवाना रोड स्थित गांव मसूरी के पास पहुंची तो बस का स्टेयरिंग फेल हो गया। बस सड़क के एक और भागने लगी तो यात्रियों की चीख निकल गई। लेकिन बस चालक गयूर अहमद ने जोर से ब्रेक लगाकर बस को पेड़ से टकराने से बचा लिया। कुछ यात्रियों ने चालक को धमकाना शुरू किया तो उसने बताया कि बस का स्टेयरिंग फेल हो गया था। इस कारण बस बेकाबू होकर सड़क से नीचे उतर गई थी। चालक गयूर ने मामले की जानकारी वर्कशाप के सीनियर फोरमैन को दी। क्यूआरटी के जरिये बस को वर्कशाप में वापस ले जाने को कहा।
60 किमी प्रति घंटा की गति पर थी बस
बिजनौर निवासी बस यात्री रवींद्र ने बताया कि जब स्टेयरिंग फेल हुआ तो बस करीब 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से दौड़ रही थी। बस के सड़क से नीचे की ओर भागने पर यात्रियों की चीख निकलने लगी। लेकिन बस चालक ने तेज ब्रेक लगाकर बस को पेड़ से टकराने से पहले ही काबू कर लिया।
खराब बस कैसे कर दी ओके
चलती बस के स्टेयरिंग की रॉड निकलने का मामला छोटा नहीं है। वर्कशाप से चालक को वहीं बस सुपुर्द की जाती है जो ओके होती है। चालक गयूर ने बताया कि उसने सुबह बस निकाली तो उसे ओके बताई गई थी। एक चक्कर दिल्ली का मारने के बाद जब यह बस बिजनौर जा रही थी तब यह हादसा हुआ। मामले की उच्च स्तरीय जांच जरूरी है कि चूक कहां हुई। दोषी की चूक से दर्जनों यात्रियों की जिंदगी दांव पर लग जाती।
..........................................................
चालक का होगा सम्मान
मेरठ डिपो के एआरएम अनिल शुक्ला ने बताया कि बस स्टेयरिंग फेल होने का मामला गंभीर है। इसकी जांच कराई जाएगी। वहीं बस चालक गयूर ने जिस सूझबूझ का परिचय देकर हादसा रोका, इस पर उसे सम्मानित किया जाएगा।